उन्नाव और महंगे प्याज पर जवाब देने से बचीं स्मृति ईरानी, बंद किया हेलिकॉप्टर का गेट
बोकारो। देशभर में प्याज के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिसपर संसद में भी काफी हंगामा हो रहा है। देश में प्याज का औसत दाम 120 रुपये प्रतिकिलो पहुंच गया है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से सवाल किया गया। लेकिन सवाल से बचने के लिए उन्होंने इसे पूरी तरह नजरअंदाज ही कर दिया।
Recommended Video
गोमिया विधानसभा क्षेत्र गई थीं
ईरानी से ये सवाल उस वक्त पूछा गया जब वह झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए बोकारो जिले के गोमिया विधानसभा क्षेत्र गई थीं। उनसे पूछा गया कि प्याज की बढ़ती कीमत पर झारखंड चुनाव में भाजपा को कितना फायदा या नुकसान होगा? ये सवाल सुनते ही वह अपने हेलिकॉप्टर में जाकर बैठ गईं। इसके बाद उनसे एक बार फिर यही सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस बार अपने हेलिकॉप्टर का दरवाजा ही बंद कर लिया।
उन्नाव मामले पर चुप्पी साधी
केवल इतना ही नहीं स्मृति ईरानी ने उन्नाव मामले पर भी चुप्पी साधी। दरअसल वह झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करने पहुंची थीं। यहां रैली को संबोधित करते वक्त ईरानी ने इशारों ही इशारों में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व विधायक और उनकी पत्नी और गोमिया की विधायक को चोर तक कह दिया। साथ ही उन्होंने आजसू को लैंड माफिया बताया।
भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे
यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे और कहा कि लोग 12 तारीख को उन्हें वोट दें। ईरानी ने कहा कि लक्ष्मी के हाथों में केला, तीर धनुष नहीं बल्कि कमल होता है। वह गोमिया के पटवार हाई स्कूल के ग्राउंड में भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से जब ज्यादा सवाल पूछे गए तो उन्होंने जवाब देने के बजाय अपने हेलिकॉप्टर का दरवाजा ही बंद कर लिया।
Delhi Fire: इन 5 वजहों से हुआ इतना बड़ा हादसा, बच सकती थीं 43 जान