Coronavirus: कोरोना वायरस से बचने के लिए मोबाइल स्क्रीन भी साफ रखनी जरूरी, जानिए वजह
नई दिल्ली। दुनियाभर में फैलते कोरोना वायरस का खतरा अब भारत में भी बढ़ता जा रहा है। यहां इसके दो नए मामलों की पुष्टि हो गई है, एक मामला दिल्ली का है और दूसरा तेलंगाना का। खौफ के बीच भारत सरकार ने चार देश के नागरिकों का रेगुलर वीजा निलंबित कर दिया है। इसमें ईरान, इटली, दक्षिण कोरिया और जापान शामिल हैं। इस दौरान जयपुर में भी इटली के एक शख्स में कोरोना के संक्रमण पाए गए हैं। वायरस के बढ़ते कहर के बीच 21 हवाई अड्डों सहित 77 बंदरगाहों को अलर्ट पर रखा गया है। सरकार ने बचाव के उपाय अपनाने को भी कहा है।
Recommended Video
इन बचाव के उपाय में हाथ धोने से लेकर दूसरों से हाथ ना मिलाने तक के बारे में कहा गया है। लेकिन क्या हम एक चीज भूल नहीं रहे? जो बात हम भूल रहे हैं, वो है हमारा स्मार्टफोन। शोधकर्ताओं की मानें तो इसमें एक टॉयलेट सीट से भी ज्यादा बैक्टीरिया पाए जाते हैं। बेशक हम अपने हाथ साफ करलें लेकिन जब हम अपने फोन का इस्तेमाल करेंगे तो दोबारा हाथों में कीटाणुओं का आना लाजमी है।
ना केवल पश्चिमी देशों बल्कि भारत में भी स्मार्टफोन का चलन काफी बढ़ गया है। हर थोड़ी देर में लोग अपने फोन की स्क्रीन को छूते हैं। फोन छूने के बाद हम अपने इन्हीं हाथों से अपना चेहरा भी छूने लगते हैं। जिससे इन्फेक्शन का खतरा कहीं ज्यादा बढ़ जाता है। इसलिए सभी उपायों के साथ-साथ अपने फोन को अच्छे से साफ करना भी बेहद जरूरी है। फोन को साफ करने के कई तरीके हैं। इसके लिए हम फोन की स्क्रीन को माइक्रोफाइबर क्लोथ से साफ कर सकते हैं।
इसके अलावा हम साफ-सफाई से संबंधित कुछ सामान का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जैसे- डिसइन्फेक्टेंट वाइप्स और रब्बिंग एल्कोहल से इसे साफ किया जा सकता है। अगर चाहें तो आप यूवी सैनिटेशन डिवाइस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, ये एक तरह का इलेक्ट्रोनिक डिवाइस है, जो यूवी किरणों के माध्यम से फोन के सभी कीटाणुओं को मार देता है। हमारे पास अगर ये सामान मौजूद नहीं है, तो हम सैनटाइजर और टिशू की सहायता से भी अपना फोन साफ कर सकते हैं।