कोरोना की नई स्ट्रेन का खतरा भारत पर भी मंडराया, दिल्ली एयरपोर्ट पर 6 और यात्री मिले कोरोना पॉजिटिव
नई दिल्ली। New Strain of Coronavirus ब्रिटेन में कोरोना वायरस की नई स्ट्रेन मिलने के बाद वहां से भारत लौटे यात्री लगातार कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। लंदन से लौटे यात्रियों के कोरोना संक्रमित मिलने से नई स्ट्रेन का खतरा भारत पर भी मंडरा रहा है। बुधवार को भी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 6 यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। ये सभी यूके से ही लौटे थे। इसके बाद लगभग 50 यात्रियों को सेल्फ क्वारंटाइन रहने की सलाह दी गई है।
कल भी 6 पैसेंजर मिले थे संक्रमित
आपको बता दें कि इससे पहले मंगलवार को भी लंदन से दिल्ली लौटी एक फ्लाइट के 6 यात्री कोरोना संक्रमित मिले थे। माना जा रहा है कि बुधवार को संक्रमित पाए गए यात्री भी इसी फ्लाइट में आए थे। बता दें कि इस फ्लाइट में 266 यात्री सवार थे।
यूरोप से लौटने वाले यात्रियों पर है खास नजर
बता दें कि यूरोप के देशों से लौट रहे यात्रियों पर भारत में खास नजर रखी जा रही है। तमिलनाडु और केरल से भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जो हाल ही में यूके से लौटे थे और वो कोरना संक्रमित पाए गए हैं। केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने तो कहा है कि हम यूरोप से आने वाली हर फ्लाइट पर नजर रख रहे हैं। साथ ही यूरोप से लौटने वाले हर यात्री की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को यूके से एक फ्लाइट केरल लौटी थी, जिसमें कोरोना के केस मिले हैं।
दुनियाभर के 40 देशों ने ब्रिटेन की फ्लाइट पर लगा दी है रोक
आपको बता दें कि लंदन में कोरोना वायरस की नई स्ट्रेन मिलने की वजह से दुनिया के करीब 40 देशों ने ब्रिटेन जाने वाली फ्लाइटों पर रोक लगा दी है। भारत सरकार ने भी 31 दिसंबर तक ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइटों पर रोक लगा दी है। लंदन में मिला ये वायरस 70 फीसदी ज्यादा घातक बताया जा रहा है।