अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय की अंतिम यात्रा में फायरिंग, छह गिरफ्तार
नई दिल्ली। पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के अंतिम संस्कार में हवाई फायरिंग करने के मामले में कर्नाटक पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए छह लोगों में एक मुथप्पा राय का संबंधी है। मुथप्पा राय का शुक्रवार को निधन हो गया था। जिसके बाद कर्नाटक के रामनगर जिले के बिदादी में उनका अंतिम संस्कार किया। आरोप है कि इस दौरान हवा में पांच राउंड फायरिंग की गई।
बिदादी पुलिस ने बताया है कि आर्म्स एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है। अभी तक मामले में मुथप्पा राय के गनमैन मोनप्पा इसके अलावा गिरीश, लकवेर सिंह, चतर सिंह, रंजीथ राय, सुनील और उथप्पा के संबंधी प्रकाश राय को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने कुछ हथियार भी सीज किए हैं।
अंडरवर्ल्ड डॉन रहे एन मुथप्पा राय की शुक्रवार को एक निजी अस्पताल में कैंसर से मौत हो गई थी। 68 साल के राय पिछले एक साल से मस्तिष्क कैंसर से पीड़ित थे और मणिपाल अस्पताल में भर्ती थे।
राय ने 80 के दशक में क्राइम की दुनिया में कदम रखा था।1996 में मुथप्पा राय दुबई चला गया था। मुथप्पा के ऊपर कर्नाटक के कई पुलिस स्टेशनों में केस दर्ज थे। कर्नाटक पुलिस ने राय के खिलाफ हत्या और साजिश समेत आठ मामलों में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। 2002 में राय को संयुक्त अरब अमीरात से भारत लाया गया था। उसे यहां लाए जाने पर सीबाआई, रॉ, आईबी और कर्नाटक पुलिस समेत कई जांच एजेंसियों ने उससे पूछताछ की थी। बाद में सबूतों की कमी के कारण उसे बरी कर दिया गया था।
जेल से बाहर आने के बाद मुथप्पा ने साल 2008 में मुथप्पा ने जय कर्नाटक नाम से एक गैर सरकारी संस्था बनाई। यह संस्था कर्नाटक के गरीबों, किसानों की मदद के लिए काम करती है। राय ने 2011 में तुलु फिल्म कांचिल्डा बाले और 2012 में कन्नड़ फिल्म कटारी वीरा सुरसुंदरंगी में अभिनय भी किया था। राय को काफी चमक-दमक वाली जिंदगी जीने के लिए जाना जाता था।
अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय की 68 साल की उम्र में कैंसर से मौत, आखिरी समय में कही ये बात