Haryana News: श्री गुरु तेग बहादुर जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में दे योगदान : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने गुरुओं की शिक्षाओं के माध्यम से छात्रों को प्रेरित करने के लिए एक वर्चुअल निबंध प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के विद्यालयों में आयोजित निबंध लेखन एवं 'सुनो कहानी श्री गुरु तेग बहादुर जी की’ प्रतियोगिता का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को नई पीढ़ी को गुरुओं के जीवन से जोड़ने की एक प्रेरणादायक पहल बताया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, "गुरु तेग बहादुर जी का जीवन सत्य, साहस और मानवता की अनुपम मिसाल है। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान से हमें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा मिलती है।" उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें गुरु साहिब के जीवन से सीख लेने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के.एम. पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक श्रीमती वर्षा खांगवाल और मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री प्रभलीन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न स्कूल वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम में चार विद्यार्थियों ने 'साखी वाचन’ प्रस्तुत कर गुरु तेग बहादुर जी के जीवन से जुड़ी प्रेरक घटनाओं को साझा किया। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि "इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने गुरुओं और राष्ट्रनायकों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रोत्साहित करना है।" उन्होंने बताया कि इस आयोजन में प्रदेशभर के विद्यालयों से साढ़े तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी हो रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी अपने गुरुओं के आदर्शों और बलिदानों से प्रेरणा ले रही है।
मुख्यमंत्री सैनी ने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया और अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग मानवता, करुणा और भाईचारे का संदेश फैलाने में करें। उन्होंने कहा कि यही श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने कर्म और विचारों से राष्ट्र को और मजबूत बनाने का संकल्प लें। यही इस प्रतियोगिता का सच्चा उद्देश्य है।












Click it and Unblock the Notifications