शोभा के घर लाठी-डंडा लेकर पहुंचे शिवसेना के प्रदर्शनकारी
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के प्राइम शो में मराठी फिल्मों को दिखाये जाने के फैसले के बाद लेखिका शोभा डे ने सरकार पर जमकर निशाना साधा था। शोभा डे के बयानों के बाद उनके खिलाफ महाराष्ट्र में प्रदर्शन होने लगा है। शोभा डे के खिलाफ प्रदर्शन को देखते हुए महा सरकार ने शोभा डे के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि शोभा ने ट्वीट करके कहा था कि प्राइम शो में मराठी फिल्में ही दिखाये जाने का फैसला देवेंद्र फड़णवीस की दादागिरी है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि हम ये दादागिरी नहीं बर्दाश्त करेंगे। जिसके बाद शोभा के खिलाफ विधानसभा में निंदा प्रस्ताव पेश किया गया था।
ये भी पढ़िये-शोभा डे ने मिनिषा लांबा को घोड़ी कहा था
वहीं खुद के खिलाफ भड़के गुस्से को देखते हुए शोभा डे ने कहा कि मुझे चेतावनी दी गई है कि शिवसेना मोर्चा मेरे घर की तरफ बढ़ रहा है। इन सबके बीच शोभा डे की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया। गौरतलब है कि महाराष्ट्र की देवेंद्र फड़णवीस सरकार ने राज्य के सारे मल्टीप्लेक्स में प्राइम टाइम में मराठी फिल्में दिखाना जरूरी कर दिया है।
इस फैसले के बाद सभी मल्टीप्लेक्स में हर रोज शाम 6 से 9 बजे का प्राइम टाइम मराठी फिल्मों के लिए ही सुरक्षित रखा जाएगा। शोभा डे ने इस मुद्दे पर कहा कि मराठी सिनेमा अच्छा है। ये कुछ महान फिल्में देता है लेकिन इसे पूरे महाराष्ट्र पर नहीं थोपना चाहिए।