पाक सेना प्रमुख की धमकी भरी भाषा पर शिवसेना ने पीएम मोदी पर उठाए सवाल
पाक सेना प्रमुख की धमकी भरी भाषा पर शिवसेना ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
नई दिल्ली। शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा है कि चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा और नरेंद्र मोदी पाक सेना प्रमुख की धमकी भरी भाषा पर क्या कहेंगे। संजय राउत ने कहा, 'जिस तरह से पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने धमकी दी है, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री से इसके बारे में पूछा जाना चाहिए। चुनाव से पहले, भाजपा और पीएम ने कहा था कि वो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को भारत का हिस्सा बना देंगे। आज हम इसके बारे में प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं।'

राउत ने नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि 'अब इस सरकार के पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। जब आपने वोट मांगे थे, तो आपने इसका वादा किया था और हमने आपके लिए तालियां भी बजाई थीं। लेकिन अब वो शक्ति कहां है? पाकिस्तान के साथ हमको जो व्यवहार करना चाहिए, वो बोली का नहीं, बल्कि गोली का होना चाहिए।' शिवसेना नेता ने सवाल पाकिस्तान के सेना प्रमुख के उस बयान पर किया है, जिसमें उन्होंन कहा है कि सरहद पर जो लहू बहा है उसका हिसाब लिया जाएगा।
6 सितंबर को पाकिस्तान के रक्षा दिवस पर आयोजित डिफेंस डे सेरेमनी में कमर बाजवा ने कहा है कि वो और उनका मुल्क अपने शहीदों को नहीं भूले हैं। सरहद पर जो लहू बह चुका है और जो बह रहा है, सब का हिसाब लेंगे, खून का एक कतरा भी बर्बाद नहीं जाएगा। वहीं कश्मीर को लेकर बाजवा ने कहा कि कश्मीर के लोगों को सलाम करते हैं जो वहां खड़े हैं और बहादुरी से लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications