शत्रुघ्न सिन्हा का राजीव प्रताप रूडी पर पलटवार, कहा- दबाव में झुकिए मत, रीढ़ को सीधा रखिए
नई दिल्ली। भाजपा के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी को नसीहत दी है कि वह दबाव में झुके नहीं और अपनी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखें। उन्होंने कहा कि आपको किसी के भी खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचना चाहिए। सिन्हा ने ट्वीट करके राजीव प्रताप रूडी को सलाह दी है कि वह दबाव में झुके नहीं और किसी के खिलाफ व्यक्तिगत बैर नहीं ले। साथ ही सिन्हा ने उन्हे बेहतर भविष्य की भी शुभकामनाएं दी।

सिन्हा को बताया मौका परस्त
दरअसल हाल ही में पश्चिम बंगाल में विपक्षी दलों की रैली में शत्रुघ्न सिन्हा ने शिरकत की थी, जिसके बाद राजीव प्रताप रूडी ने सिन्हा पर निशाना साधते हुए कहा था कि शुत्रघ्न सिन्हा काफी चतुर और मौकापरस्त नेता हैं। जिस तरह से सिन्हा ने विपक्षी दलों की रैली में शिरकत की उसके बाद रूडी ने कहा कि मुझे इस बात का भरोसा है कि पार्टी कोलकातार में विपक्ष की रैली में सिन्हा की मौजूदगी के बाद जरूर कोई कदम उठाएगी। आपको बता दें कि रूडी को पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का काफी करीबी माना जाता है ,उन्होंने 1990 में भाजपा का दामन थामा था और 1999 में उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री पद दिया गया था।

दबाव में हैं रूडी
जिस तरह से रूडी ने सिन्हा पर निशाना साधा था उसके बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मैं रूडी के बयान से आश्चर्यचकित नहीं हूं, वह मेरे काफी पुराने दोस्त हैं। कुछ दोस्त कह रहे हैं कि मेरे युवा मित्र काफी दबाव में हैं, ऐसे में हम उनके लिए सहानुभूति रखते हैं, उन्हें जानबूझकर इस तरह का बयान देने के लिए कहा गया है, या फिर संभव है कि खुद की महत्ता को बनाए रखने के लिए उन्होंने ऐसा बयान दिया है। आपको बता दें कि 2015 में लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी यादव को सरन से हराकर रूडी लोकसभा में पहुंचे थे।

2017 में दिया मंत्री पद से इस्तीफा
रूडी को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया था, लेकिन 2017 में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि मोदी रूडी के काम से संतुष्ट नहीं थे, इसी वजह से उन्हें उनके पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हाल ही में रूडी को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है। पार्टी के इस कदम से इस बात के भी संकेत मिल रहे हैं कि संभव है कि रूडी को आगामी लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं मिले। रूडी को शत्रुघ्न सिन्हा ने सलाह दी है कि वह दबाव में झुके नहीं और किसी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करें।
इसे भी पढ़ें- पीएम पद की रेस में कूदे BJP के बागी यशवंत सिन्हा, कहा- दे सकता हूं हर साल 2-3 करोड़ नौकरी












Click it and Unblock the Notifications