ममता की रैली में शत्रुघ्न के शामिल होने पर बीजेपी सख्त, रूडी ने दिए कार्रवाई के संकेत
Recommended Video

नई दिल्ली। कोलकाता में विपक्षी दलों के नेताओं का जमावड़ा लगा है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में हो रही इस रैली में एक पूर्व प्रधानमंत्री, तीन मुख्यमंत्री, 6 पूर्व मुख्यमंत्री और पांच पूर्व केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। इस दौरान मंच पर बीजेपी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी, राम जेठमलानी भी मौजूद रहे जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पहली बार सख्त टिप्पणी की गई है और शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई करने के संकेत दिए गए हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा के रैली में शामिल होने पर बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि कुछ लोग बीजेपी का स्टांप लेकर सांसद को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेना चाहते हैं। राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए इतने लोग मंच पर एकजुट हुए हैं और इनका उद्देश्य सिर्फ मोदी सरकार को हटाना है।
रूडी ने कहा कि सभी सिद्धांतविहीन लोग एक मंच पर आने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा पर तंज किया और कहा, 'पार्टी उनके बारे में संज्ञान ले चुकी है। कुछ लोगों की महत्वाकांक्षा बहुत बढ़ गई है। यह जरूर कहना चाहता हूं कि यह पार्टी और जनता के विश्वास के साथ धोखा देना है।' उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को हटाने के लिए ये लोग इकट्ठा हो रहे हैं।
रूडी ने कहा कि जनता समझदार है और वो इनके बहकावे में नहीं आएगी। इस रैली में शामिल होने वालों का कोई सिद्धांत नहीं है। बता दें कि कोलकाता में ममता बनर्जी के नेतृत्व में विपक्षी दल एकजुट हुए जहां उन्होंने मोदी सरकार को हटाने के लिए एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ने की बात की। इन नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। ऐसी सरकार को हटाकर नई सरकार को लाने का काम करना है।












Click it and Unblock the Notifications