शशि थरूर के पूर्व PA गोल्ड स्मगलिंग के आरोप में गिरफ्तार, अब सांसद ने कही ये बात
कांग्रेस नेता शशि थरूर के पर्सनल असिस्टेंट शिव कुमार को कस्टम विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर शिव कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
जिस वक्त उन्हें गिरफ्तार किया गया उस वक्त वह अपने किसी जानने वाले से सोना ले रहे थे। शिव कुमार का यह करीबी विदेश से दिल्ली पहुंचा था। लौटने के बाद वह शिव कुमार को गोल्ड दे रहा था। तभी कस्टम की ओर से बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

बताया जा रहा है कि शिव कुमार के पास से 55 लाख रुपए का गोल्ड बरामद हुआ है। शिव कुमार इस गोल्ड की पुख्ता जानकारी देने में असमर्थ रहे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला बुधवार की शाम दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 का है।
वहीं इस मामले पर खुद शशि थरूर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि जब मैं धर्मशाला में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचा था, वहां मुझे इस घटना की जानकारी मिली और मैं दंग रह गया। यह व्यक्ति मेरे स्टाफ का पूर्व कर्मचारी है, जोकि एयरपोर्ट पर मदद के लिए पार्ट टाइम सेवा दे रहा था। यह व्यक्ति 72 वर्ष का है।
और कई बार डायलसिस करवाता है। इस व्यक्ति को अनुकंपा के आधार पर कुछ समय के लिए नौकरी पर रखा गया था। मैं किसी भी तरह के कथित गलत काम का समर्थन नहीं करता हूं। इस मामले की जांच के लिए अधिकारियों को पूरा सहयोग और समर्थन दूंगा। इस मामले में कानून को अपना काम करना चाहिए।
गौर करने वाली बात है कि इससे पहले कस्टम विभाग ने 5 उज्बेक नागरिकों को भी 22 मई को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। ये लोग मुंबई एयरपोर्ट से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे, यहां इन लोगों को टर्मिनल-1 पर रोक लिया गया था।
ये सभी आरोपी दुबई से भारत आए थे। ये आरोपी इंटरनेशनल अराइवल की बजाए डोमेस्टिक टर्मिनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान कस्टम के अधिकारियों ने इन लोगों को धर लिया। इन लोगों के पास से तकरीबन 2.8 किलोग्राम सोना बरामद किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications