शाहीन बाग: एक पक्ष ने खोला रास्ता, दूसरे ने दोबारा किया बंद
नई दिल्ली। शाहीन बाग प्रदर्शन के चलते बंद जामिया से 9 नंबर कालिंदी आने वाले रास्ते को शनिवार को खोल दिया गया है लेकिन कुछ देर बाद ही यह दोबारा बंद हो गया। यह सड़क जामिया से कालिंदी कुंज होते हुए नोएडा जाती है। साउथ-ईस्ट के डीसीपी ने बताया है कि प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने रास्ता खोल दिया तो एक दूसरे समूह ने बंद कर दिया। इसके बाद फिर से रास्ता खोल दिया गया। सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त वार्ताकारों से बातचीत के बाद ये रास्ता खोले जाने की बात कही गई है।
Recommended Video
प्रदर्शनकारियों के रास्ता खोलते हुए और इस दौरान जश्न मनाते हुए वीडियो भी सामने आए हैं। प्रदर्शनकारी पहले भी इस रास्ते को खोलने को लेकर कहते रहे हैं। यह सड़क जामिया से ओखला हेड होते हुए कालिंदी कुंज और नोएडा सेक्टर 37 की ओर आता है। हालांकि ये रास्ता खुलने से बहुत राहत नहीं मिलेगी क्योंकि पुलिस ने महामाया फ्लाइओवर पर रास्ता बंद किया हुआ है।
शाहीन बाग में सीएए और एनआरसी के खिलाफ चल रहे धरने की वजह से बीते साल 15 दिसंबर से कई रास्ते बंद हैं। ये रास्ता भी तभी से बंद था। रास्ता खुलवाने और बीच का कोई रास्ता निकालने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी मध्यस्थ नियुक्त किए हैं, जो बीते चार दिन से यहां पहुंचकर बातचीत कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए मध्यस्थों से बातचीत के बाद शनिवार को शाहीन बाग में धरना दे रहे लोग एक साइड की सड़क खोलने पर भी राजी हुए हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मध्यस्थों से कहा है कि वो एक सड़क की एक ओर बैठी हैं और दूसरी ओर से ट्रैफिक चलने पर उनको आपत्ति नहीं है। सड़क खोलने के लिए सुरक्षा का भरोसा और कुछ शर्तें प्रदर्शनकारियों ने रखी हैं।
#WATCH Delhi: Celebrations underway as protestors open Noida-Kalindi Kunj Road via Road No. 9 (Okhla road) #ShaheenBaghProtests pic.twitter.com/UIqL4ms6a5
— ANI (@ANI) February 22, 2020
शनिवार को शाहीन बाग पहुंचे मध्यस्थ सीनियर वकील संजय हेगड़े और एडवोकेट साधना रामचंद्रन के सामने प्रदर्शनकारियों ने एक ओर का रास्ता खोलने का विकल्प रखा। प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि जितनी दूरी में प्रदर्शन है उतनी दूर डिवाइडर पर एल्युमीनियम की चादर लगाकर सड़क को बांट दिया जाए। प्रोटेस्ट को 24 घंटे सुरक्षा मुहैया कराई जाने के संबंध में आदेश जारी करे क्योंकि उन्हें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट सुरक्षा पर भरोसा दिलाए। ये होता है तो एक और का रास्ता खोला जा सकता है।
शाहीन बाग: कुछ शर्तों के साथ एक तरफ की सड़क खोलने को तैयार हुए प्रदर्शनकारी