सरकार की कमी बताने पर हमे देशद्रोही कहा जाता है- शबाना आजमी
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री शबाना आजमी ने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है कि हम अपनी गलतियों को स्वीकार करें। लेकिन जब हम सरकार की गलतियों को सामने लाते हैं तो हमे देशद्रोही कहा जाता है। शबाना आजमी ने कहा कि हमारे देश की भलाई के लिए यह बहुत जरूरी है कि हम गलतियों को सामने लाए। लेकिन अगर हम ऐसा नहीं करते हैं तो आखिर कैसे हमारी स्थिति में सुधार आएगा। लेकिन मौजूदा समय में माहौल कुछ इस तरह का है कि अगर हम सरकार की आलोचना करते हैं तो हमे देशद्रही का तमगा दिया जाता है। लेकिन इन सबसे से हमे कतई डरने की जरूरत नहीं है, हमे उनके सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
शबाना आजमी ने कहा कि हम गंगा जमुनी तहजीब में पले हैं, हमे मौजूदा हालात के सामने अपने घुटने नहीं टेकने चाहिए। सांप्रदायिकता के खिलाफ बोलते हुए आजमी ने कहा कि हमारे देश एक खूबसूरत मुल्क है, लोग हमे बांटने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन यह मुल्क के लिए कतई सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक दंगे जब होते हैं तो सबसे अधिक तकलीफ देश में महिलाओं को होती है। दंगे में एक महिला का पूरा घर बर्बाद हो जाता है। उसके अपने बच्चे बेघर हो जाते हैं, वह स्कूल नहीं जा पाते। ऐसे में साफ है कि सांप्रदायिकता का सबसे बड़ा शिकार महिलाएं ही बनती हैं। शबाना आजमी ने यह बयान कुंती माथुर सम्मान समारोह में दिया, जिसमे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें- आज JK में हाई अलर्ट, आतंकी बुरहान वानी की बरसी पर अलगावादियों का कश्मीर बंद का आह्वान