MP में 17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा-संकल्प अभियान', PM मोदी के जन्मदिन पर होगा दीप प्रज्ज्वलन
मध्य प्रदेश 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान की घोषणा करता है, जिसमें व्यापक जन भागीदारी, समन्वित जिला-स्तरीय गतिविधियाँ, और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और 25 वर्षों की जन सेवा का सम्मान करने के लिए सभी वार्डों में दीया जलाने का रिकॉर्ड उत्सव मनाने का आग्रह किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 सितंबर को प्रदेश में 'सेवा-संकल्प अभियान' की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास के दीपक का प्रकाश देशभर में फैल रहा है और यह उनके सेवा एवं जिम्मेदारी के 25 वर्षों के उजास का प्रतीक है।

मध्य प्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को प्रदेशवासी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर उनके प्रति आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर मध्य प्रदेश में दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां पहले से तय करने, प्रभावी मॉनिटरिंग और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ग्राम और नगरीय स्तर पर अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ अभियान को उत्साहपूर्वक आयोजित करने पर जोर दिया।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दिया' कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलन से होगी। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। लाभार्थी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं को भी दीप प्रज्ज्वलन में शामिल किया जाएगा। इसी दिन सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। रक्त संग्रह, परिवहन और भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे।
'मेरे सपनों का भारत' में होंगी प्रतियोगिताएं
19 से 26 सितंबर तक जिला स्तर पर और 4-5 अक्टूबर को राज्य स्तर पर 'मेरे सपनों का भारत' कार्यक्रम के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह होंगे।
नुक्कड़ नाटकों के जरिए बताई जाएंगी 'अनकही कहानियां'
'नमो सेवा-अनकही कहानियां' गतिविधि 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी होंगे।
वहीं, 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ियों में 'आंगन मिलन सेवा' का आयोजन होगा। बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल एवं पठन सामग्री की व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
'सेवा की कहानी' में लाभार्थियों के संदेश
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव को सामने लाते हुए उनके आभार संदेश जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी होंगी।
7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकाली जाएगी। इसमें जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण और जिले में हुई विकास गतिविधियों पर चर्चा होगी। इसके राज्य प्रभारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग होंगे।
सभी जिलों से गुजरेगी सेवा यात्रा
'बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा' 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी और प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरेगी। इसके प्रभारी लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल होंगे।
छह शहरों में बनेगी 'ह्यूमन रंगोली'
'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की भागीदारी से सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके राज्य प्रभारी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह होंगे।
इसी अवधि में 'सेवा सेतु अभियान' के तहत विकासखंड स्तर और नगरीय निकायों में जोनवार शिविर लगाए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान को जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा।
'सेवा के रंग राष्ट्र के संग' कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े स्तर पर जनभागीदारी से 'ह्यूमन रंगोली' बनाई जाएगी। इसके राज्य प्रभारी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान होंगे।
स्टार्टअप और इनोवेशन को भी मिलेगा मंच
12 अक्टूबर को 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' आयोजित किया जाएगा। इसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स भाग लेंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राकेश शुक्ला होंगे।
17 अक्टूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर 'सुशासन सेवा संवाद' आयोजित होगा, जिसमें मध्य प्रदेश के पंच-सरपंच शामिल होंगे। इसके राज्य प्रभारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल होंगे।
'25 साल-25 कहानियां' और Influencer Exchange
'25 साल-25 कहानियां' कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केंद्र सरकार से प्राप्त किट भेंट की जाएंगी। इसके राज्य प्रभारी उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार होंगे। 'विकसित भारत संकल्प यात्रा Influencer Exchange' कार्यक्रम के तहत दूसरे राज्यों से मध्य प्रदेश आए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे।
पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने 'सेवा सेतु' मेगा शिविरों की विकासखंडवार और जोनवार तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
साथ ही अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
