40 महिलाओं के साथ छेड़खानी का आरोपी बांद्रा से गिरफ्तार
बांद्रा अपराध शाखा के एपीआई नितिन पाटिल के मुताबिक जिब्रान एक्टिवा स्कूटर पर बैठकर अपराध को अंजाम देता था वह अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर तौलिया या रुमाल बांधे रहता था
नई दिल्ली। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अब तक 40 महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर चुके एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इस शख्स का नाम जिब्रान सय्यद है, वह बांद्रा पश्चिम में पाली हिल और कार्टर रोड में राह चलती महिलाओं को निशाना बनाता था।

मुंबई मिरर की खबर के मुताबिक 28 साल के जिब्रान सय्यद पर करीब 40 महिलाओं के साथ छेड़खानी करने का आरोप है। बांद्रा पूर्व में रहने वाला जिब्रान बांद्रा पश्चिम में पाली हिल और कार्टर रोड में राह चलती महिलाओं और स्कूल जाने वाली लड़कियों को निशाना बनाता था।
बांद्रा अपराध शाखा के एपीआई नितिन पाटिल के मुताबिक जिब्रान एक्टिवा स्कूटर पर बैठकर अपराध को अंजाम देता था वह अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर तौलिया या रुमाल बांधे रहता था। जिब्रान सय्यद ने गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नम्बर भी गलत लगा रखा था।
मुंबई पुलिस को जिब्रान की पहचान करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा वह काफी दिनों से घटना को अंजाम दे रहा था। बहुत सारी सीसीटीवी को खंगाल कर पुलिस ने स्कूटर और उसके हुलिये की पहचान की और लोगों को सतर्क किया था। गुरुवार को जैसे ही एक शख्स ने पुलिस को उसके जैसे युवक को देखे जाने की सूचना पुलिस को दी पुलिस मौके पर पहुंची और जिब्रान को पकड़ लिया। मिली जानकारी के मुताबिक जिब्रान सय्यद बेरोजगार है और इसके ऊपर पहले भी बलात्कार और छेड़खानी के आरोप लग चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications