Bihar News: बिहार महिला कबड्डी लीग: चयन ट्रायल में उमड़ा उत्साह, 450 से अधिक खिलाड़ियों में से 120 का चयन
दूसरी बिहार महिला कबड्डी लीग ट्रायल में राज्य भर से 450 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें 120 को 16 फरवरी के ट्रेनिंग कैंप के लिए चुना गया। यह आयोजन 6–12 मार्च 2026 को पाटलिपुत्र इंडोर हॉल में होगा, जिसमें छह टीमें और 14+3 का स्क्वाड होगा, जो बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और संबद्ध निकायों के अधीन होगा।
द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन ट्रायल में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित इंडोर हॉल में आयोजित इस ट्रायल में पूरे बिहार से 450 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 120 खिलाड़ियों का चयन प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविन्द्रण शंकरण ने बताया कि द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग का आयोजन 6 से 12 मार्च 2026 तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लीग में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। चयन ट्रायल के बाद चुनी गई 120 खिलाड़ियों के लिए 16 फरवरी से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां अनुभवी और कुशल प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद खिलाड़ियों को क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर 6 टीमों में समान रूप से बांटा जाएगा, ताकि सभी टीमें संतुलित रहें। प्रत्येक टीम में 14 मुख्य खिलाड़ी और 3 अतिरिक्त खिलाड़ी शामिल होंगे।
रविन्द्रण शंकरण ने कहा कि पिछली बार आयोजित महिला कबड्डी लीग की सफलता के बाद लड़कियों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि इस बार चयन ट्रायल में रिकॉर्ड संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह पहल बिहार में कबड्डी, विशेष रूप से महिला कबड्डी के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है।
चयन ट्रायल की सफलता पर उन्होंने बिहार कबड्डी संघ और चयनकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों के चयन के लिए विशेषज्ञ के रूप में हैदराबाद की मंगला देसाई, पटना की अमिता सिंह और मद्य निषेध विभाग, पटना के रमेश कुमार यादव उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications