देश का सबसे बड़ा बैंक स्कैम: एबीजी शिपयार्ड के 23 हजार करोड़ के घोटाले पर आया SBI का बयान, जानें क्या कहा
देश का सबसे बड़ा बैंक स्कैम: एबीजी शिपयार्ड के 22 हजार करोड़ के घोटाले पर आया SBI का बयान, जानें क्या कहा
नई दिल्ली, 13 फरवरी: देश की निजी क्षेत्र की बड़ी शिपिंग कंपनी एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड ने कथित तौर पर करीब 23 हजार करोड़ का घोटाला किया है। कंपनी ने आईसीआईसीआई बैंक के नेतृत्व वाले 28 बैंकों के कंसोर्टियम से 22,842 करोड़ रुपए का स्कैम किया है, जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) भी शामिल है। देश के अब तक के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले पर एसबीआई का बयान आया है। बैंक ने एक प्रेस रिलीज जारी कर अपना पक्ष रखा है।
Recommended Video

एबीजी शिपयार्ड के 22,842 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी पर एसबीआई ने अपने बयान में कहा है कि फिलहाल ये अकाउंट एनसीएलटी के तहत लिक्विडेशन के दौर से गुजर रहा है। इसमें प्रक्रिया में देरी नहीं की गई है। कंपनी को कर्ज देने में आईसीआईसीआई और आईडीबीआई बैंक कंसोर्टियम में पहले और दूसरे अग्रणी ऋणदाता थे। वहीं एसबीआई सबसे बड़ा पीएसबी ऋणदाता था, इसलिए यह तय हुआ कि सीबीआई के पास शिकायत एसबीआई की ओर से कराई जाएगी। सीबीआई के पास पहली शिकायत नवंबर 2019 में दर्ज की गई। इसके बाद से सीबीआई लगातार दूसरे बैंकों के साथ संपर्क में थी।
एसबीआई की ओर से आगे कहा गया है कि आईसीआईसीआई बैंक के नेतृत्व में कर्ज दिया गया। कंपनी के खराब प्रदर्शन के बाद नवंबर 2013 में खाता एनपीए हो गया था। कंपनी के संचालन को ठीक करने के लिए कई प्रयास किए गए लेकिन इसमें कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। बता दें कि सीबीआई ने एबीजी शिपयार्ड लिमिटे, कंपनी के तत्कालीन सीएमडी ऋषि कमलेश अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
स्वामीनाथन जे, एमडी (रिस्क कॉम्पलीएंस एंड स्ट्रैस एसैट्स रिजॉल्यूशन ग्रुप) ने एबीजी शिपयार्ड केस पर कहा है कि हम जितना संभव हो उतना रिकवर करने का लक्ष्य रखेंगे। ऐसे मामलों के लिए पूरी तरह से प्रावधान किया गया है, इसलिए किसी भी बैंक या लाभ/हानि खातों के बैलेंस शीट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

सीबीआई कर रही है जांच
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) शिपिंग कंपनी एबीजी शिपयार्ड के खिलाफ 22,842 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी में जांच कर रही है। सीबीआई ने एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड, कंपनी के तत्कालीन अध्यक्ष ऋषि कमलेश अग्रवाल, तत्कालीन कार्यकारी निदेशक संथानम मुथास्वामी, निदेशक अश्विनी कुमार, सुशील कुमार अग्रवाल और रवि विमल नेवेतिया और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कंपनी पर आईसीआईसीआई का 7,089 करोड़, आईडीबीआई बैंक का 3634 करोड़, एसबीआई का 2925 करोड़, बैंक ऑफ बडौदा का 1614 करोड़ और पीएनबी का 1200 करोड़ कर्ज है।












Click it and Unblock the Notifications