'मेर घर का पता सबको बता दिया, अब 2 लाख चाहिए', सौरभ दास के एड्रेस को लेकर बवाल, हाई कोर्ट पहुंचा मामला
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके दिल्ली स्थित किराये के घर से जुड़ा है। सौरव दास ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके घर की पहचान, पता और निजी जानकारी सार्वजनिक कर दी। इससे उनकी निजता और सुरक्षा दोनों को खतरा पैदा हुआ है। दास ने इस मामले में 2.01 लाख रुपये के हर्जाने की मांग की है।
सौरव दास की याचिका में राजनीतिक टिप्पणीकार अभिजीत अय्यर मित्रा, एक्स, गूगल और कुछ समाचार और कानून से जुड़े मंचों को पक्षकार बनाया गया है। उन्होंने अदालत से मांग की है कि उनके आवासीय पते और निजी जानकारियों को आगे सार्वजनिक करने पर रोक लगाई जाए। साथ ही पहले से मौजूद वीडियो और पोस्ट हटाने के निर्देश भी दिए जाएं।

आखिर घर का पता सार्वजनिक होने पर इतना बवाल क्यों?
सौरव दास का कहना है कि वह 2025 की शुरुआत से दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक किराये के कमरे में रह रहे हैं। उनके मुताबिक, कुछ लोग उनके घर तक पहुंचे और परिसर के अंदर जाकर रिकॉर्डिंग की। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया।
सौरव दास का दावा है कि जिस वीडियो में उनके घर की पहचान सामने आई, उसे करीब 21 लाख बार देखा गया। उनका कहना है कि इसके बाद उनकी निजी जिंदगी सिर्फ सोशल मीडिया चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि घर तक लोगों के पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया।
5 अगस्त को सौरव दास ने दिल्ली पुलिस से शिकायत भी की थी। उस समय पुलिस ने उनके घर के बाहर निगरानी बढ़ाई थी। दक्षिण दिल्ली के तत्कालीन पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया था कि ग्रेटर कैलाश थाने के थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मौके का जायजा लिया और घर की चौबीसों घंटे निगरानी के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
सौरव दास ने हाई कोर्ट से क्या मांगा?
सौरव दास की याचिका का मुख्य मुद्दा निजता और निजी सुरक्षा है। उनका कहना है कि उनके आवासीय पते, परिवार से जुड़ी जानकारी और दूसरी निजी जानकारियों को बार-बार सार्वजनिक किया गया। उन्होंने अदालत से मांग की है कि अभिजीत अय्यर मित्रा और दूसरे संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसी जानकारी प्रकाशित या साझा करने से रोका जाए।
साथ ही एक्स और गूगल को ऐसे वीडियो और पोस्ट हटाने का निर्देश दिया जाए जिनमें उनके घर या निजी जानकारी को सार्वजनिक किया गया है। सौरव दास ने यह भी दावा किया है कि उन्हें पहले हिंसक धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में घर की पहचान सार्वजनिक होने से उन्हें, उनके परिवार और उसी परिसर में रहने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
विवाद शुरू कहां से हुआ?
इस पूरे विवाद की शुरुआत सौरव दास के रहने के तरीके और किराये को लेकर उठे सवालों से हुई। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और पोस्ट में उनके ग्रेटर कैलाश स्थित घर को दिखाया गया। सवाल उठाया गया कि वह इतने महंगे इलाके में रहने का खर्च कैसे उठा रहे हैं।
अभिजीत अय्यर मित्रा ने भी सौरव दास के घर और किराये को लेकर सवाल उठाए। कुछ रिपोर्टों में इस संपत्ति का संभावित किराया कई 7-10 लाख रुपये महीना बताया गया। हालांकि किराये की वास्तविक रकम और उससे जुड़ी दूसरी बातें स्वतंत्र तौर पर साबित नहीं हुई हैं। इसलिए इन्हें आरोप और दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
5 अगस्त को सौरव दास ने आरोप लगाया था कि कुछ यूट्यूबर और मीडिया से जुड़े लोग उनकी गैरमौजूदगी में उनके घर तक पहुंचे और अंदर से वीडियो बनाए। उस वक्त वह महाराष्ट्र में सीजेपी की बैठक में गए हुए थे। सौरव दास ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि घर के अंदर की तस्वीरें सार्वजनिक होने से उनकी निजता ही नहीं, बल्कि सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। उनकी शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने उनके घर के बाहर निगरानी बढ़ाई थी।
उनकी शिकायत में 'पैम्फलेट' और 'जयपुर डायलॉग्स' से जुड़े लोगों का भी जिक्र किया गया था। सौरव दास ने आरोप लगाया था कि उनके घर का पता बार-बार साझा किया जा रहा है और इससे लोगों को उनके घर तक पहुंचने के लिए बल मिल रहा है।
अब मामला सिर्फ किराये का नहीं, निजता बनाम सार्वजनिक जांच का है
इस पूरे विवाद में दो सवाल आमने-सामने हैं। पहला, किसी सार्वजनिक राजनीतिक गतिविधि से जुड़े व्यक्ति के बारे में सार्वजनिक हित में कितनी जानकारी सामने लाई जा सकती है। दूसरा, किसी व्यक्ति का निजी घर, पता और परिवार से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की सीमा क्या होनी चाहिए।
सौरव दास का पक्ष साफ है। उनका कहना है कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने का मतलब यह नहीं कि उनका निजी पता सबके सामने डाल दिया जाए। दूसरी तरफ, उनके घर और खर्च को लेकर सवाल उठाने वालों का तर्क है कि सार्वजनिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के वित्तीय और दूसरे दावों पर सवाल पूछे जा सकते हैं। लेकिन इन सवालों और किसी व्यक्ति की निजी सुरक्षा के बीच कानूनी सीमा कहां तय होगी, अब यह मुद्दा अदालत के सामने है।


Click it and Unblock the Notifications
