Saurabh Dwivedi Resign: सौरभ द्विवेदी ने छोड़ा Lallantop, अब कहां जाने की तैयारी? बोले-'नई यात्रा शुरू होगी'
Saurabh Dwivedi Resign: लल्लनटॉप को एक मजबूत मीडिया ब्रांड के तौर पर स्थापित करने वाले सौरभ द्विवेदी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप में संपादक की जिम्मेदारी भी छोड़ दी है। प्रबंधन ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक सौरभ द्विवेदी अब एक नई मीडिया पहल की तैयारी में हैं और जल्द ही अपना स्वतंत्र मीडिया ब्रांड शुरू कर सकते हैं। अपने इस्तीफे की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए भी साझा की है, जिसके बाद मीडिया जगत में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

🟡 सौरभ द्विवेदी बोले- 'एक अल्पविराम के बाद नई यात्रा की तैयारी'
सौरभ द्विवेदी ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, ''शुक्रिया लल्लनटॉप, पहचान, सबक और हौसले के लिए और शुभकामनाएं भविष्य के लिए। अपना साथ यहां समाप्त होता है। अध्ययन अवकाश और फिर आगे के संकल्प की बात करूंगा। आप सबने भी बहुत सिखाया।'' उन्होंने अपने एक अन्य पोस्ट में लिखा, '' यूं ही आबाद रहेगी दुनिया, हम न होंगे कोई हमसा होगा, धन्यवाद मान, पहचान और ज्ञान के लिए, एक अल्पविराम के बाद नई यात्रा की तैयारी।''
ऐसी चर्चा है कि सौरभ द्विवेदी अब फिल्मों और टीवी में काम करेंगे। उन्होंने कई इंटरव्यू में फिल्मों में काम करने की इच्छा जताई है। हालांकि उन्होंने अभी तक जानकारी नहीं दी है कि वो आगे मीडिया फील्ड में ही काम करेंगे या फिर किसी और क्षेत्र में जाएंगे।
🟡 कौन हैं सौरभ द्विवेदी? (Who is Saurabh Dwivedi)
सौरभ द्विवेदी भारतीय पत्रकारिता के चर्चित नामों में गिने जाते हैं। वे हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म द लल्लनटॉप के संस्थापक संपादक रहे हैं और वर्तमान में इंडिया टुडे हिंदी के संपादक हैं। उनकी पहचान राजनीतिक रिपोर्टिंग, लंबे इंटरव्यू और सार्वजनिक बहसों के सटीक संचालन के लिए है।
सौरभ द्विवेदी का जन्म 22 अप्रैल 1983 को उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के चमरारी गांव में हुआ। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने उरई में की। इसके बाद डीवीसी कॉलेज, उरई से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए वे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने हिंदी साहित्य में मास्टर्स और 1857 के विद्रोह पर एमफिल किया। बाद में उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने नवभारत टाइम्स से की और फिर दैनिक भास्कर में न्यूज़ एडिटर के तौर पर काम किया। 2013 में वे इंडिया टुडे ग्रुप से जुड़े और 2016 में हिंदी डिजिटल प्लेटफॉर्म द लल्लनटॉप की शुरुआत की।वे द लल्लनटॉप शो, नेतानगरी, दुनियादारी और गेस्ट इन द न्यूजरूम जैसे चर्चित कार्यक्रमों के होस्ट रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications