ओवर एक्टिंग पर ट्रोल होने के बाद भावुक हुईं सारा, कहा- इससे हमारे आत्मविश्वास को झटका लगता है
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म 'लव आजकल' में नजर आएंगी। फिल्म की रिलीज से पहले ही दोनों को लेकर कई तरह की बातें की जा रही हैं। फिल्म का ट्रेलर 16 जनवरी को रिलीज हुआ था, जिसके बाद फैंस को ये जोड़ी ज्यादा पसंद नहीं आई। सारा को ट्रेलर जारी होने के बाद से काफी ट्रोल किया जा रहा है। लोग उनकी एक्टिंग को लेकर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।

किस सीन पर हो रहीं ट्रोल?
दरअसल फिल्म के ट्रेलर में एक सीन में सारा भावुक होकर कार्तिक से कहती हैं कि 'तुम मुझे तंग करने लगे हो।' इसी सीन को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर लोग काफी ट्रोल कर रहे हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि सारा ने इसमें ओवर एक्टिंग की है। अब सारा ने एक इंटरव्यू में इसपर बात की। उन्होंने कहा है कि एक्टिंग के लिए ट्रोल होना उन्हें काफी दुखी करता है।

'आत्मविश्वास को झटका लगता है'
फिल्म कंपैनियन को दिए इंटरव्यू में सारा ने कहा, 'लोग मुझे अगर मोटा होने के लिए ट्रोल करते हैं तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। अगर मुझे कोई कैप पहनने के लिए ट्रोल करे तो भी मुझे कोई परेशानी नहीं है। लेकिन मैं यहां अभिनय करने के लिए हूं। यही मेरा काम है और यही मेरा पेशा भी है। जब मुझे एक्टिंग के लिए ट्रोल किया जाता है, तो अचानक मेरे पूरे आत्मविश्वास को झटका लगता है। मेरे लिए ट्रोलर्स को अनदेखा कर पाना मुश्किल है। पहली बार ऐसा हुआ है, तो इसके लिए मुझे काफी दुखी महसूस हो रहा है।'

'हमेशा अच्छा शॉट नहीं आ सकता'
इस सीन को लेकर सारा ने कहा कि वो तब सच में रो रही थीं और उसे वास्तविक जैसा बनाने के लिए वैसा ही महसूस करने की कोशिश भी कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उस वक्त जो उनके दिमाग में आया वो उन्होंने किया। सारा ने कहा कि दर्शकों को हमेशा उम्मीद होती है कि अभिनेत्री अच्छी दिखें। लेकिन शूटिंग के वक्त हमेशा अच्छा शॉट नहीं आ सकता है। ये एक बहुत ही गलत धारणा है कि किसी हीरोईन को रोते वक्त, मरते वक्त या फिर खाते वक्त हमेशा अच्छी ही लगना चाहिए। बता दें सारा और कार्तिक की ये फिल्म 14 फरवरी को रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications