उद्धव के सीएम बनते ही संजय राउत ने क्यों दी देवेंद्र फडणवीस को बधाई?
संजय राउत ने अपने ट्वीट में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस बात की बधाई दी है...
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में एक महीने तक चली सियासी उठापटक के बीच आखिरकार शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के गठबंधन की सरकार का गठन हो गया है। तीनों पार्टियों के गठबंधन के नेता के तौर पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को मुंबई के शिवाजी स्टेडियम में मुख्मंत्री पद की शपथ ली। उद्धव ठाकरे के साथ-साथ तीनों पार्टियों के 2-2 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। हालांकि डिप्टी सीएम के पद को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। इस बीच शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट कर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसा है।

फडणवीस को दी इस बात की बधाई
संजय राउत ने ट्वीट करते हुए कहा, 'महाराष्ट्र में विरोधी पक्ष ही नहीं रहेगा, यह दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विरोधी दल नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई...!' एक और ट्वीट में संजय राउत ने कहा, 'हम शतरंज में कुछ ऐसा कमाल करते हैं, कि बस पैदल ही राजा को मात करते हैं।' आपको बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही संजय राउत लगातार भाजपा पर ट्वीट कर निशाना साध रहे हैं। कई मौकों पर संजय राउत ने शायराना अंदाज में भी भाजपा और पीएम मोदी पर तंज कसा।

महज चार दिन चली फडणवीस की सरकार
गौरतलब है कि महज चार दिन की सरकार चलाने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई करते हुए देवेंद्र फडणवीस को सदन में बहुमत साबित करने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कुछ ही घंटों बाद देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। इस्तीफे के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या अजित पवार से हाथ मिलाना उनकी गलती थी? इस सवाल के जवाब में देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'चिंता मत कीजिए, सही समय आने पर मैं सही बात बताऊंगा।'

शिवसेना ने किया जनादेश का अपमान- अमित शाह
वहीं, शिवसेना पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, 'महाराष्ट्र के जनादेश का अपमान करने का काम शिवसेना ने किया है, भाजपा ने नहीं। विधायकों के कैंप लगाने वालों, चुनाव से पहले का गठबंधन तोड़ने वालों को दोष ना देकर आज भाजपा का दोष बताया जा रहा है। मैं पुनः स्पष्ट करता हूं कि हमने शिवसेना को मुख्यमंत्री पद का कोई आश्वासन कभी नहीं दिया। हमने हर बार, यहां तक कि जिन सभाओं में आदित्य ठाकरे या उद्धव जी हमारे साथ स्टेज पर थे, हमने वहां भी कहा कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे, तब इन्होंने क्यों विरोध नहीं किया?' शिवसेना के सभी विधायक हमारे साथ लड़कर ही चुनाव जीते हैं। उनका एक भी विधायक ऐसा नहीं है, जिसने मोदी जी का पोस्टर ना लगाया हो।'












Click it and Unblock the Notifications