बिना कांग्रेस राजनीतिक फ्रंट नहीं हो सकता है, केसीआर में नेतृत्व करने की क्षमता: संजय राउत
नई दिल्ली, 21 फरवरी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के साथ हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और एनसीपी मुखिया शरद पवार ने मुलाकात की थी। इसके बाद माना जा रहा था कि भाजपा के खिलाफ एक नए महागठबंधन की नींव रखी जा रही है, लेकिन कांग्रेस इस पूरी पिक्चर से नदारद नजर आ रही थी। लेकिन इन सब के बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने साफ किया है कि बिना कांग्रेस के किसी भी तरह के राजनीतिक फ्रंट की बात नहीं हो रही है।

संजय राउत ने कहा कि हमने कभी नहीं कहा कि बिना कांग्रेस के कोई राजनीतिक फ्रंट बनेगा। जब ममता बनर्जी ने ने राजनीतिक फ्रंट का सुझाव दिया था तो शिवसेना पहली पार्टी थी जिसने कांग्रेस को साथ लेने की बात कही थी। केसीआर के पास हर किसी को साथ लेकर चलने की क्षमता है। वह सामने से नेतृत्व कर सकते हैं। बता दें कि केसीआर ने रविवार को उद्धव ठाकरे से मुंबई में मुलाकात की थी। इस दौरान संजय राउत और अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद थे।
Recommended Video
गौर करने वाली बात है कि महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के गठबंधन की सरकार है और इस गठबंधन का नेतृत्व शिवसेना कर रही है। इससे पहले शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपे लेख में कहा गया था कि भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक एकता को लेकर बात हुई है। बता दें कि पिछले कुछ समय से के चंद्र शेखर राव भाजपा सरकार के खिलाफ मुखर हैं लगातार केंद्र की सरकार पर हमला कर रहे हैं।
हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने जिस तरह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी को लेकर बयान दिया था, उसके बाद केसीआर ने उनपर तीखा हमला बोला था। माना जा रहा है कि केसीआर जल्द ही ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर सकते हैं। हाल ही में केसीआर ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी को देश से बाहर कर देना चाहिए नहीं तो देश बर्बाद हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications