समीर वी कामत DRDO के नए चेयरमैन, सतीश रेड्डी बने रक्षा मंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार
नई दिल्ली, 25 अगस्त: भारत के वरिष्ठ वैज्ञानिकों में से एक समीर वी कामत को रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अभी तक ये जिम्मेदारी जी. सतीश रेड्डी संभाल रहे थे। केंद्र द्वारा जारी आदेश के मुताबिक कामत 60 साल की उम्र या फिर अगले फैसले तक इस पद पर सेवाएं देते रहेंगे। मौजूदा वक्त में वे 'नेवल सिस्टम्स एंड मैटेरियल्स' प्रभाग के महानिदेशक हैं। वहीं एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में सरकार ने जी. सतीश रेड्डी को रक्षा मंत्री का वैज्ञानिक सलाहकार नियुक्त किया है।

डीआरडीओ की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कामत ने 1985 में आईआईटी खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग से बीटेक किया था। इसके बाद 1988 में वो अमेरिका चले गए, वहां पर उन्होंने ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी से मैटेरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंग में पीएचडी पूरी की। डॉ. कामत ने 1989 में हैदराबाद स्थित डीएमआरएल प्रयोगशाला में वैज्ञानिक 'सी' के रूप में डीआरडीओ में काम शुरू किया और अक्तूबर 2013 में उत्कृष्ट वैज्ञानिक/वैज्ञानिक 'एच" के रूप में पदोन्नति प्राप्त की। उन्होंने 17 अगस्त, 2015 को प्रयोगशाला निदेशक के रूप में पदभार संभाला। पिछले 25 वर्षों के दौरान, डॉ. कामत ने उन्नत सामग्रियों जैसे कि पार्टिकुलेट प्रबलित धातु मैट्रिक्स कम्पोजिट्स, सिरेमिक मैट्रिक्स कम्पोजिट्स, एल्युमिनियम-लिथियम मिश्र धातुओं, उच्च शक्ति वाली एल्युमिनियम मिश्र धातुओं और टाइटेनियम मिश्र धातुओं में सूक्ष्म संरचना-यांत्रिक गुणधर्म सहसंबंधों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं।
वहीं दूसरी ओर डॉ. सतीश रेड्डी अब रक्षा मंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। रेड्डी का भी करियर कई उपलब्धियों से भरा पड़ा है। उन्होंने रक्षा प्रणालियों और प्रौद्योगिकियों के स्वदेशी विकास का नेतृत्व भी किया है।












Click it and Unblock the Notifications