सुप्रीम कोर्ट ने पॉडकास्ट मामले में समय रैना को लगाई फटकार, जानें इस केस में अब तक क्या-क्या हुआ?
Samay Raina Controversy: सोशल मीडिया और स्टैंड-अप कॉमेडी की दुनिया के चर्चित नाम समय रैना एक बार फिर विवादों में हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 25 अगस्त को उन्हें और चार अन्य कॉमेडियंस - विपुल गोयल, बलराज परमारजीत सिंह, सोनाली ठक्कर और निशांत तनवर - को दिव्यांगजनों का मज़ाक उड़ाने पर कड़ी फटकार लगाई है।
कोर्ट ने आदेश दिया है कि ये सभी अपने पॉडकास्ट और शोज़ पर सार्वजनिक रूप से माफ़ी माँगें। मामला सिर्फ व्यक्तिगत टिप्पणी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सोशल मीडिया कंटेंट की दिशा और सीमाओं को लेकर भी बड़ी बहस छिड़ गई है।

सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए समय रैना और अन्य चार इन्फ्लुएंसर्स-विपुल गोयल, बलराज परमारजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत जगदीश तनवर-पर आरोप है कि इन्होंने अपने शो और वीडियो में विकलांग व्यक्तियों, विशेषकर स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) से पीड़ित लोगों का मज़ाक उड़ाया। आईए विस्तार से जानते हैं इस मामले में अब तक क्या हुई.....
Samay Raina Controversy: मामला कैसे शुरू हुआ?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब CURE SMA Foundation of India ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। फाउंडेशन का आरोप था कि समय रैना और अन्य कॉमेडियंस ने अपने शो "India's Got Latent" पर दिव्यांगजनों, खासकर स्पाइनल मस्क्युलर एट्रॉफी (SMA) से पीड़ित लोगों का मज़ाक उड़ाया।
याचिका में कहा गया कि इनकी टिप्पणियाँ न केवल असंवेदनशील थीं बल्कि संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और अनुच्छेद 21 (जीवन और गरिमा का अधिकार) का भी उल्लंघन करती हैं। फाउंडेशन ने वीडियो सबूत भी पेश किए, जिनमें कॉमेडियंस दिव्यांगजनों की शारीरिक अक्षमता पर चुटकुले करते दिखाई दिए।
शिकायत और याचिका:
CURE SMA Foundation of India ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। याचिका में कहा गया कि ये टिप्पणियाँ हेट स्पीच की श्रेणी में आती हैं और संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के तहत दिव्यांगजनों के अधिकारों का उल्लंघन है।
CURE SMA Foundation का कहना है कि इन कॉमेडियंस द्वारा बनाए गए वीडियोज़ सिर्फ मज़ाक नहीं बल्कि "हेट स्पीच" की श्रेणी में आते हैं। याचिका में कहा गया कि इस तरह की बातें समाज में दिव्यांगजनों की भागीदारी को प्रभावित करती हैं। यह उन्हें "दूसरे दर्जे का नागरिक" साबित करने की कोशिश है और इससे उनके साथ भेदभाव बढ़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी (मई 2025)
मई 2025 की सुनवाई में जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने इन वीडियोज़ को गंभीरता से लिया। कोर्ट ने कहा, "फ्री स्पीच का अधिकार सबको है, लेकिन यह किसी समुदाय की गरिमा को ठेस पहुँचाने की आज़ादी नहीं देता। अगर बोलने की स्वतंत्रता है तो हम ऐसे भाषण पर रोक भी लगाएंगे जो किसी को नीचा दिखाए।"
इसके बाद कोर्ट ने सभी पाँचों कॉमेडियंस को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया। अदालत के समक्ष ऐसे वीडियोज पेश किए गए जिनमें कॉमेडियंस दिव्यांगजनों का मजाक उड़ाते नजर आए। कोर्ट ने इसे गंभीर और असंवेदनशील करार दिया।
सुप्रीम कोर्ट का ताजा आदेश
25 अगस्त 2025 की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया कि समय रैना और बाकी कॉमेडियंस को अपने पॉडकास्ट व मंचों पर जाकर स्पष्ट और सार्वजनिक माफ़ी माँगनी होगी। कोर्ट ने कहा कि इस तरह के मज़ाक न केवल दिव्यांगों के अधिकारों का हनन करते हैं बल्कि समाज में गलत धारणाएँ और असंवेदनशीलता भी फैलाते हैं।
साथ ही केंद्र सरकार को निर्देश दिया गया कि सोशल मीडिया पर महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के अपमानजनक कंटेंट को रोकने के लिए सख़्त गाइडलाइन्स तैयार की जाएँ।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि समय रैना और अन्य कॉमेडियंस किस तरह से माफ़ी माँगते हैं और केंद्र सरकार सोशल मीडिया के लिए कौन से नए नियम लेकर आती है। यह केस भविष्य में कॉमेडी और फ्री स्पीच की सीमाओं को लेकर मिसाल साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications