राहुल गांधी के इस्तीफे पर सलमान खुर्शीद बोले- कांग्रेस को नहीं मिलेगा उनका विकल्प
नई दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के बाद कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। राहुल गांधी को मनाने की कोशिशें लगातार पार्टी नेताओं द्वारा की जा रही है। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता सलमान खुर्शीद ने राहुल के इस्तीफे की पेशकश पर बड़ा बयान दिया। खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस के लिए राहुल का विकल्प ढूंढना बड़ा मुश्किल होगा। राहुल गांधी ने पार्टी की कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शीर्ष पद छोड़ने की पेशकश की थी।
'कांग्रेस राहुल से इस्तीफा नहीं ले सकती'
कांग्रेस के सीनियर नेता सलमान खुर्शीद से जब ये पूछा गया कि क्या कांग्रेस के लिए राहुल गांधी का पद पर बने रहना ही एक मात्र विकल्प है, उन्होंने इसके जवाब में कहा कि "मैं यकीनन ऐसा मानता हूं। कांग्रेस राहुल को जाने नहीं दे सकती है। राहुल अपने इस्तीफे की पेशकश के फैसले पर पुनर्विचार नहीं करने पर अड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह लड़ाई लड़ने के लिए आसपास रहने वाले हैं।
'राहुल की मौजूदगी जरूरी'
खुर्शीद ने आगे कहा कि मैं मानता हूं कि पार्टी ढांचे में काफी सारी चीजें हैं। हम इसे अंतर्निहित कहें या ऐतिहासिक कहें कि राहुल गाँधी की मौजूदगी अत्यंत आवश्यक है, उनका विकल्प ढूंढ़ना अगर असंभव नहीं तो बहुत मुश्किल अवश्य है। उन्होंने कहा कि वह गांधी परिवार की इच्छाओं का सम्मान करते हैं। मैं यही आशा करता हूं कि जो चीज सभी कार्यकर्ता और अनुयायी जो महसूस करते हैं, राहुल गांधी उसका सम्मान करेंगे। हम मानते हैं कि उनके लिए यह बहुत ही कठिन, जटिल फैसला होगा, लेकिन मैं निश्चित तौर पर आग्रह करूंगा कि वह पद पर बने रहें और हम अपनी परेशानियों का समाधान ढूंढ़ें।
कांग्रेस को मिली करारी हार
23 मई को लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे घोषित किए। कांग्रेस को इस चुनाव में मुंह की खानी पड़ी और बीजेपी ने 303 सीटें जीतकर अपने दम पर लगातार दूसरी बार बहुमत हासिल किया। वहीं कांग्रेस को इन चुनावों में 52 सीटों पर सिमटना पड़ा। यहां तक कि विपक्ष के नेता बनने के लिए जरूरी आंकड़ें भी वो नहीं जुटा पाई। इसके बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी में राहुल ने पद छोड़ने की पेशकश की। कांग्रेस न्याय स्कीम और राफेल के मुद्दे पर चुनावों में उतरी थी। साल 2014 में कांग्रेस को 44 सीटें मिली थी।