साजिद खान की भावुक अपील, बोले- 'मुझे साजिद-वाजिद ही कहें फैंस, उनके बिना मैं कोई नहीं'
Sajid Khan Emotional Appeal: पिछले साल बॉलीवुड से एक के बाद एक कई फिल्मी हस्तियों ने हमें अलविदा कह दिया। ऋषि कपूर को खोने का दुख अभी कम नहीं हुआ था कि आज (9 फरवरी) उनके छोटे भाई राजीव कपूर ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। राजीव के निधन के बाद म्यूजिक कंपोजर साजिद खान भी अपने मरहूम भाई वाजिद खान को याद कर भावुक हो गए। आपको बता दें कि मशहूर संगीतकार वाजिद खान ने पिछले साल 31 मई को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था।

भाई को खोने के बाद साजिद की फैंस से भावुक अपील
बॉलीवुड की मशहूर म्यूजिक कंपोजर जोड़ी साजिद-वाजिद किसी परिचय की मोहताज नहीं है। दोनों भाइयों ने एक साथ हिंदी फिल्म को कई सुपरहिट गाने दिए है, लेकिन बॉलीवुड को उस समय तगड़ा झटका लगा जब लंबे समय से बीमार चल रहे वाजिद खान, अपने भाई साजिद को अकेला छोड़ इस दुनिया से चले गए। साजिद खान ने हाल ही में अपने एक पोस्ट में फैंस से आग्रह किया कि उन्हें साजिद-वाजिद के नाम से ही बुलाया जाए।

रियलिटी शो के साथ कर रहे हैं वापसी
फैंस के साथ अपनी भावुक अपील कर साजिद ने बताया कि वह जल्द ही एक शो के साथ वापसी कर रहे हैं। वाजिद खान के निधन के बाद लंबे समय तक दुख और मुश्किल समय से गुजरने के बाद अब साजिद खान फिर से अपने काम में जुट गए हैं। साजिद खान ने अपने फैंस से वादा किया है कि वह दिवंगत भाई को अपनी उपलब्धियों पर गर्व कराने के लिए कड़ी मेहनत करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि वाजिद खान का सपना था कि आगामी संगीत रियलिटी शो 'इंडियन प्रो म्यूजिक लीग' सफल हो।

वाजिद खान का सपना था ये शो
साजिद ने बताया, 'जब वाजिद हॉस्पिटल में एडमिट थे तो उन्हें इस शो की चिंता रहती थी। जब मैं उनसे मिलता था तो वह कहा करते थे कि हमें इस शो के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। मैं अब ठीक नहीं हूं, लेकिन जैसे ही स्वस्थ होऊंगा मैं आपको ज्वॉइन करूंगा, बस इस शो और भाई (सलमान खान) के साथ रहना और इस शो को बनाना, क्योंकि यह हमारा सपना है।' साजिद ने आगे कहा, मैंने वाजिद के बिना कोई शो नहीं किया, यह पहली बार है जब मैं इतने बड़े शो पर आ रहा हूं। मैं मीडिया और फैंस से यही आग्रह करना चाहता हूं कि वे मुझे साजिद-वाजिद के रूप में देखें क्योंकि मुझे लगता है कि मैं उनके बिना कोई नहीं हूं।
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड एक्ट्रेस लीसा हेडन तीसरी बार बनने जा रही मां, वीडियो शेयर कर खास अंदाज में शेयर की Good News












Click it and Unblock the Notifications