Sagar Hooch Tragedy: UP से आई थी जहरीली शराब? सागर में 11 मौतों के बाद उठे बड़े सवाल, समझें पूरा नेटवर्क
Sagar Hooch Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। रविवार (6 सितंबर) को बंडा -शाहगढ़ इलाके के दो गांवों में कथित तौर पर नकली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि स्थानीय बीजेपी विधायक ने मृतकों की संख्या 11 बताई है।
कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील कर दिया है और शराब के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जहरीली शराब उत्तर प्रदेश के ललितपुर से सागर पहुंची थी? सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने शुरुआती जांच के हवाले से शराब की कथित सप्लाई ललितपुर से होने की बात कही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

पहले समझिए क्या हुआ?
रविवार, 6 सितंबर, तड़के सागर के बंडा इलाके से शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। प्रशासन के अनुसार, दो गांवों में लोगों ने कथित तौर पर अवैध शराब का सेवन किया था। इसके बाद कुछ लोगों को उल्टी, सिरदर्द और बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं। परिजन उन्हें बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। इनमें से कुछ लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया।
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि जिन लोगों में बुखार और सिरदर्द जैसे लक्षण पाए गए, उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा जा रहा है। तीन लोगों को वहां भेजे जाने की जानकारी दी गई है और फिलहाल उनकी हालत गंभीर नहीं बताई गई। स्थानीय बीजेपी विधायक वीरेंद्र लोधी के मुताबिक, मृतकों की संख्या 11 है। उन्होंने करीब 25 लोगों के दूसरे अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती होने की भी जानकारी दी।
क्या ललितपुर से आई थी जहरीली शराब?
इस मामले की जांच में उत्तर प्रदेश का ललितपुर कनेक्शन सामने आया है। सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि संदिग्ध शराब की सप्लाई ललितपुर से हुई थी। उन्होंने कहा कि ललितपुर में एक गिरोह द्वारा इस तरह की जहरीली शराब की सप्लाई किए जाने की जानकारी जांच में सामने आई है। अब सागर और ललितपुर की सीमा आपस में नजदीक होने के कारण जांच एजेंसियां इस संभावित सप्लाई रूट को भी खंगाल रही हैं।
कैसे काम करता है नकली शराब का नेटवर्क?
अवैध शराब का नेटवर्क आम तौर पर कई स्तरों पर काम करता है। हालांकि, सागर मामले में पूरा नेटवर्क जांच के बाद ही सामने आएगा, लेकिन जांच एजेंसियां आमतौर पर इन कड़ियों की पड़ताल करती हैं....

हालांकि सागर की घटना में इनमें से कौन-कौन सी कड़ियां सक्रिय थीं, यह जांच का विषय है।
सात शराब दुकानें क्यों सील की गईं?
घटना के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाके में एहतियाती कदम उठाते हुए सात शराब दुकानों को सील कर दिया है। साथ ही संदिग्ध शराब के नमूने लिए जा रहे हैं। इन नमूनों की जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि शराब में कौन सा पदार्थ मौजूद था और क्या वही पदार्थ लोगों की मौत का कारण बना। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
सरकार ने क्या कार्रवाई की?
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों और प्रभारी मंत्री को मौके पर जाकर स्थिति की समीक्षा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सागर के संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की।
'MP में शराब माफिया बेखौफ', कांग्रेस ने उठाए सवाल
घटना को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में शराब माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं और सरकार उन्हें रोकने में नाकाम है। हालांकि, इन राजनीतिक आरोपों पर सरकार की ओर से अंतिम जवाब और जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।


Click it and Unblock the Notifications
