Article 370: शिवराज के बचाव में उतरीं साध्वी प्रज्ञा, जवाहर लाल नेहरू को बताया अपराधी
नई दिल्ली- भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आर्टिकल 370 और जम्मू-कश्मीर के मद्दे पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को अपराधी कह दिया है। दरअसल, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पूरी तरह से मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान के बचाव में कूद पड़ी हैं। बता दें कि हाल ही में नेहरू पर दिए गए उनके एक बयान पर बहुत हंगामा हुआ था और कांग्रेस उनपर निशाना साध रही थी। जिसके बाद अब भोपाल की तेज-तर्रार बीजेपी सांसद अपने नेता के बचाव में कूद पड़ी हैं। उन्होंने लगे हाथ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भी आर्टिकल 370 हटाने का विरोध करने के लिए जोरदार हमला बोला है।
साध्वी ने नेहरू को अपराधी बताया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कश्मीर में आर्टिकल 370 लगाने के लिए पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू को अपराधी कह दिया है। साध्वी ठाकुर के मुताबिक, 'हमारी मातृभूमि को जो भी नुकसान पहुंचाएगा, जो भी हमारे भारत को तोड़ना चाहेगा वह निश्चित रूप से अपराधी है।' गौरतलब है कि पिछले 11 अगस्त को मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कश्मीर में आर्टिकल 370 लगाने के लिए नेहरू को अपराधी करार दिया था। ओडिशा में पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान चौहान की इस टिप्पणी पर राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया था और कांग्रेस उनपर निशाना साध रही थी।
जिन्हें मोदी-शाह पर गर्व, वे देशभक्त-साध्वी
इस दौरान साध्वी ने आर्टिकल 370 और 35ए हटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की भी जमकर सराहना की है। साध्वी के मुताबिक जिन्हें पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर गर्व है वे 'देशभक्त' हैं। कश्मीर से आर्टिकल 370 पर बयान देते हुए भोपाल की सांसद ने कहा कि 'देशभक्त आर्टिकल 370 हटाए जाने पर उत्सव मना रहे हैं और जो लोग रो रहे हैं वे कभी भी देशभक्त नहीं हो सकते। जो लोग आर्टिकल 370 और 35ए के हटाए जाने से खुश हैं, उन्हें देश पर गर्व है, जिन लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर गर्व है वे देशभक्त हैं।"
दिग्विजय पर साध्वी का हमला
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने इस मौके पर भी अपने प्रतिद्वंद्वी रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को निशाने पर लेना नहीं छोड़ा। गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने कश्मीर में मोदी सरकार के ऐक्शन का विरोध किया था। भोपाल की सांसद ने अब उनपर पलटवार करते हुए कहा है कि, 'मैं इसलिए चुनाव लड़ी क्योंकि जो लोग धर्म के लिए काम करते हैं और राष्ट्रहित में काम करते हैं उन्हें एकसाथ आना चाहिए और यही कारण है कि भोपाल के लोगों ने मुझे चुना, लेकिन उसी समय जनता ने उन्हें पूरी तरह से नकार दिया, जिन्हें यहां पर नहीं होना चाहिए।' गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनावों में मालेगांव धमाकों की आरोपी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भारी अंतर से पराजित कर दिया था।