चीन को घेरने के लिए टोक्यो में मिले Quad देशों के विदेश मंत्री, एस जयशंकर ने लिया हिस्सा
टोक्यो। चीन को घेरने के लिए बने क्वाड समूह (Quad Group) के चारों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक जापान की राजधानी टोक्यों में हुई है। बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो, आस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री मैरिस पेन और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी शामिल हैं। बैठक का उद्येश्य क्षेत्र में चीन की आक्रामक हो रही गतिविधियों के खिलाफ रणनीति तैयार करना है।
बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि "यह संतोष की बात है कि इंडो-पैसिफिक अवधारणा को तेजी के साथ वैश्विक स्वीकृति मिली है। इसमें पिछले साल पूर्वी एशियाई देशों की बैठक में हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र को लेकर की गई पहल पर काफी वादे के साथ विकास देखने को मिला है।"
चीन के चलते करीब आए चार देश
इन चारों देशों में पहले ही रिश्ते मजबूत रहे हैं लेकिन चीन की बढ़ती गतिविधियों ने इन्हें एक दूसरे के करीब ला दिया है। जुलाई 2019 के बाद ये पहला मौका है जब अमेरिकी विदेश मंत्री पोम्पियो किसी पूर्वी एशियाई देश के दौरे पर पहुंचे हैं। हालांकि इस दौरान पोम्पियो को मंगोलिया और दक्षिण कोरिया के दौरे पर भी जाना था लेकिन ट्रंप की बीमारी के चलते अब वह सिर्फ इस मीटिंग के लिए ही आए हैं। उनके दूसरे दौरे रद्द कर दिए गए हैं। इससे इस बैठक की खासियत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वहीं बैठक के पहले जापान के नए प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने सभी बैठक के लिए पहुंचे विदेश मंत्रियों से बात की। इस दौरान सुगा ने आपस में विशेष साझेदारी के द्विपक्षीय और वैश्विक आयामों को लेकर चर्चा की। क्वाड समूह का विचार जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने दिया था। आबे ने कुछ समय पहले ही स्वास्थ्य कारणों के चलते पद से इस्तीफा दे दिया था।
Quad Meeting: 6 अक्टूबर को टोक्यो में बनेगी चीन को घेरने की रणनीति, भारत भी होगा शामिल