दिल्ली विधानसभा में दो युवकों का हंगामा, स्पीकर ने भेजा जेल
दोनों युवकों ने सत्येंद्र जैन पर कागज भी फेंके, सदन के अंदर हाथापाई की।
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन दो बाहरी लोगों ने सदन के अंदर हंगामा किया। दो युवकों ने खुद को आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए नारेबाजी की। उन्होंने दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक इन दोनों युवकों ने सत्येंद्र जैन पर कागज भी फेंके, सदन के अंदर हाथापाई की। बाद में मार्शलों ने दोनों युवको को सदन से बाहर निकाला। दिल्ली विधानसभा के स्पीकर रामनिवास गोयल ने दोनों को एक-एक महीने के लिए जेल भेजने का आदेश दिया है। इस संबंध में विधानसभा में प्रस्ताव भी पारित किया गया है।
इस घटना के बाद से आम आदमी पार्टी के नेता बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। आप विधायक सोमनाथ भारती सोमनाथ भारती ने कहा कि इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने दोनों युवकों को आप का सदस्य बताया है। उन्होंने कहा कि इनमें से एक युवक आप की पंजाब यूनिट का प्रभारी है, वहीं दूसरा युवक ने आप की टिकट पर चुनाव लड़ चुका है।