अयोध्या मंदिर से लेकर तमाम मुद्दों पर RSS का मेगा कार्यक्रम, संघ प्रमुख देंगे तमाम सवालों के जवाब
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ आज से दिल्ली में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजित करने जा रहा है। आरएसएस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का नाम भविष्य का भारत है, जिसमे तमाम दलों के नेताओं को न्योता दिया गया है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में विपक्षी दलों के नेता भी शिरकत कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत तमाम राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संघ के विचार को प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जा रहा है, जोकि 19 सितंबर तक चलेगा।

संघ प्रमुख देंगे सवालों के जवाब
सूत्रों की मानें तो इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अयोध्या मामला चर्चा का विषय रहेगा। इस दौरान संघ प्रमुख तकरीबन डेढ़ घंटे तक तमाम आमंत्रित मेहमानों के सवालों का जवाब देंगे। सूत्रों की मानें तो कार्यक्रम में कृषि, ग्रामीण स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था पर भी चर्चा होगी और अगले तीन दिनों तक अलग-अलग विषयों पर चर्चा के लिए समय निर्धारित किया गया है। आपको बता दें कि आरएसएस का गठन 1925 को हुआ था। इस कार्यक्रम में हर क्षेत्र से जुड़े लोगों को न्योता दिया गया है।

हर क्षेत्र से जुड़े लोग आएंगे
आरएसएस के प्रवक्ता ने बताया कि आरएसएस की तमाम विपक्ष आलोचना करता है, ऐसे में इस कार्यक्रम का आयोजन इसलिए किया गया है ताकि हम लोगों को अपना नजरिया बता सकें। जिन मुद्दों को लेकर विपक्ष और हमारे आलोचक हमारी और सरकार की आलोचना करते हैं, उन तमाम विपषयों पर इस दौरान जवाब दिया जाएगा। हर क्षेत्र से जुड़े 30 लोगों को इस कार्यक्रम में न्योता दिया गया है, ऐसे में इस कार्यक्रम में कुल 1000 मेहमान शिरकत कर रहे हैं।

कैमरा ले जाने की इजाजत नहीं
अलग-अलग धर्म और संप्रदाय से जुड़े लोगों को भी इस कार्यक्रम में न्योता दिया गया है। हालांकि इस कार्यक्रम में मीडिया को न्योता दिया गया है, लेकिन कैमरे के प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। लेकिन आरएसएस की ओर से कार्यक्रम की लाइव फीड मुहैया कराई जाएगी। कार्यक्रम में विपक्ष के नेताओं के शामिल होने पर संशय बरकरार है। हालांकि कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले ही इनकार कर दिया है। आरएसएस की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को न्योता भेजा गया था, लेकिन कांग्रेस ने इस न्योते को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया है कि आरएसएस और भाजपा झूठ फैलाते हैं।
इसे भी पढ़ें- VIDEO: भाजपा कार्यकर्ता ने सांसद निशिकांत दुबे के पैर धोकर पिया पानी, मचा सियासी बवाल












Click it and Unblock the Notifications