CAA प्रदर्शन: नोएडा से दिल्ली आने वालों को दूसरा रूट इस्तेमाल करने की सलाह, ये रोड रहेगा बंद
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन अब भी जारी हैं। दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में इस कानून के खिलाफ बीते करीब एक महीने से प्रदर्शन हो रहे हैं। जिसके कारण नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को कहा है कि मथुरा रोड और कालिंदी कुंज के बीच सड़क नंबर 13ए को बंद रखा जाएगा।

दूसरा रूट इस्तेमाल करने की सलाह
नोएडा से दिल्ली आने वाले लोगों को डीएनडी या अक्षरधाम रूट इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ये सड़क बीते एक महीने से प्रदर्शनों के चलते बंद है। जिसके कारण लोगों को ऑफिस और अन्य स्थानों पर लंबे रास्ते से जाना पड़ता है। इस परेशानी के चलते एक शख्स ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी।
याचिका भी हुई दायर
जिसमें उसने शाहीन बाग से पुलिस बैरिकेड हटाने और प्रदर्शनकारियों को किसी और स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की थी। लेकिन कोर्ट ने इसपर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। इस याचिका में कहा गया था कि यहां प्रदर्शनों और पुलिस बैरिकेड के चलते लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का समय होता है खराब
इस इलाके में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इस सड़क से भारी संख्या में लोगों का आना जाना लगा रहता है। याचिकाकर्ता ने कहा था कि इस सड़क का इस्तेमाल ऑफिस जाने वाले और अन्य लोग करते हैं। इस सड़क से आने जाने वाले लोगों का कहना है कि सड़क बंद होने के कारण ना केवल इनका समय खराब होता है बल्कि इनके पैसे भी अधिक खर्च हो रहे हैं।

क्या है कानून?
बता दें सीएए यानी नागरिकता संशोधन कानून बीते साल दिसंबर माह में आया था। इससे पहले इसके बिल को संसद के दोनों सदनों में बहुमत से मंजूरी भी मिली थी। कानून के तहत तीन देशों पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से उत्पीड़न का शिकार छह गैर मुस्लिम समुदाय के लोग छह साल भारत में रहने के बाद यहां की नागरिकता हासिल कर सकते हैं। कानून के आने के बाद से ही देश के कई हिस्सों में भारी विरोध प्रदर्शन देखा गया। कई जगह प्रदर्शन अब भी जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications