बिहार महागठबंधन में दरार, शरद यादव के नाम पर बोली RJD- तेजस्वी ही होंगे महागठबंधन के नेता
नई दिल्ली। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में सियासत गरमाती दिखाई दे रही है। आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा द्वारा शरद यादव को महागठबंधन का नेता बनाने की मांग करने वाले बयान के बाद सियासी पारा चढ़ने लगा है। इस बयान पर लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी ने भी साफ कर दिया है कि गठबंधन का चेहरा तेजस्वी यादव ही होंगे। आरजेडी पहले ही तेजस्वी यादव को बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
तेजस्वी ही करेंगे महागठबंधन का नेतृत्व
महागठबंधन के घटक दल उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (S) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने सुझाव दिया था कि शरद यादव को 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का नेतृत्व करना चाहिए। वहीं, राजद ने शुक्रवार को साफ कर दिया कि विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ही गठबंधन का नेतृत्व करेंगे और मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे।
Recommended Video
शरद यादव को लेकर गठबंधन में दरार
राजद ने कहा कि शरद यादव उनकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में थे और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी ने उन अटकलों को भी विराम दे दिया जिसमें कहा जा रहा था कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिकार प्रशांत किशोर को शामिल किया जा सकता है। इस अटकलों पर पार्टी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए उसे 'इवेंट मैनेजर' की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, शुक्रवार को उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और मुकेश साहनी से मुलाकात करने वाले शरद यादव ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
उपेंद्र कुशवाहा के बयान से बिहार में गरमाई सियासत
बता दें कि गुरुवार को बिहार में महागठबंधन के नेता को लेकर आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई और कयास लगाए जाने लगे कि महागठंबधन के घटक दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। कुशवाहा ने कहा था कि शरद यादव, अब लोकतांत्रिक जनता दल का नेतृत्व कर रहे हैं और उन्हें महागठबंधन का नेतृत्व करना चाहिए। कुशवाहा ने ये भी कहा था कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार का फैसला बाद में किया जा सकता है। कुशवाहा की इस टिप्पणी के तुरंत बाद जीतन राम मांझी और वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी ने भी यही बात दोहराई थी।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले-अगले दो हफ्तों में आ रहा हूं भारत