रिहाना के किसान आंदोलन पर ट्वीट से भड़के ये बॉलीवुड सितारे, बोले-इनके प्रोपेगेंडा से बचें
नई दिल्ली। दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को लेकर इंटरनेशनल पॉप स्टार रिहाना, पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग और कई जानीमानी हस्तियों ने ट्वीट किए हैं। इन सभी ने भारत सरकार के किसानों का नेट और दूसरी सुविधाएं रोकने को लेकर आलोचना की है। जिसके बाद विदेश मंत्रालय ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। विदेश मंत्रालय के एतराज जताने के बाद एक्टर अक्षय कुमार, अजय देवगन और सुनील शेट्टी ने भी इस पर एतराज जताते हुए सरकार का बचाव किया है। कई महीने से किसान आंदोलन पर चुप रहने वाले अक्षय कुमार और दूसरे सितारों ने बुधवार को इस पर ट्वीट किए हैं।
क्या कहा है अक्षय कुमार ने
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने रिहाना और ग्रेटा के ट्वीट्स के जवाब में जो बयान जारी किया है। उसको शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने ट्वीट कर लिखा है- किसान हमारे देश का एक बेहद अहम हिस्सा हैं। उनके मुद्दों को हल करने के लिए जो कोशिशें हो रही हैं, वो भी सामने हैं। ऐसे में ये जरूरी है कि मतभेद पैदा करने वाले किसी व्यक्ति पर ध्यान देने के बजाय एक सौहार्दपूर्ण माहौल में मसले के हल की कोशिश की जाए। अक्षय ने किसी का नाम नहीं लिया है लेकिन जाहिर है कि मतभेद पैदा करने वालों से उनका मकसद रिहाना और ग्रेटा की ओर ही है। अक्षय ने इंडिया अगेंस्ट प्रोपेगेंडा के हैशटैग के साथ ये ट्वीट किया है।
Recommended Video
अजय और शेट्टी क्या बोले
अजय देवगन ने ट्वीट कर लिका है कि भारत या भारत की नीतियों के खिलाफ किसी भी झूठे प्रचार से हमें बचना होगा। ये वक्त एकजुट होने का है। सुनीव शेट्टी ने ट्वीट कर कहा- हमें हमेशा चीजों का व्यापक दृष्टिकोण रखना चाहिए, क्योंकि आधे सच से ज्यादा खतरनाक कुछ भी नहीं है।
इनसे पहले कंगना ने रिहाना के किसान मुद्दे पर ट्वीट को लेकर काफी गुस्सा दिखाया। कंगना ने रिहाना के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा, कोई भी इनके बारे में बात इसलिए नहीं कर रहा क्योंकि ये किसान नहीं आतंकवादी हैं, जो भारत को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ताकि चीन हमारे कमजोर टूटे हुए राष्ट्र पर कब्जा कर सके और चाइनीस जैसी कॉलोनी बना सके।
क्या कहा है किसानों को लेकर रिहाना ने
केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान कई महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में सरकार ने उन इलाकों का इटरनेट और कई सुविधाएं बंद कर दी हैं, जहां किसान धरना दे रहे हैं। इसको लेकर रिहाना और ग्रेटा थनबर्ग ने ट्वीट किए हैं। इन्होंने कहा है कि भारत सरकार जो कर रही है, उस पर दुनिया ध्यान दे और बात करे। जिसके बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव की तरफ से किए गए ट्वीट में कहा गया कि हम आग्रह करेंगे कि ऐसे मामलों पर कमेंट्स करने से पहले फैक्ट्स का पता लगाया जाए और इस बारे में बेहतर समझ रखें। इस बारे में मशहूर हस्तियों ने जो कमेंट किए हैं वह गैरजिम्मेदाराना हैं।