महीने भर में पीएम मोदी के तीसरे गुजरात दौरे के पीछे ये है असल वजह
अहमदाबाद। गुजरात में चुनाव आयोग ने अभी तक विधानसभा चुनाव की घोषणा नहीं की है। उससे पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 बार दौरा कर चुके हैं। आज पीएम मोदी ने तीसरा दौरा किया। पीएम मोदी इस बार गुजरात के मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे पीएम मोदी ने करीब 6 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की आधार शिला रखेंगे, जिसमें से अधिकतर हाईवे हैं। इसमें एक सिग्नेचर ब्रिज भी शामिल है। इन सब के बीच गुजरात का किला बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी के तीन प्रमुख नेता चुनाव की घोषणा से पहले गुजरात का दौरा कर रैलियां करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ शामिल है। पीएम मोदी जहां तीन दौरे पहले ही कर चुके हैं। इसी महीने की 13 से 15 तारीख के बीच सीएम आदित्यनाथ दक्षिण गुजरात में गुजरात गौरव यात्रा करेंगे।

सुषमा 1 लाख से ज्यादा महिलाओं को करेंगी संबोधित
वहीं सुषमा स्वराज 1 लाख से ज्यादा महिलाओं को अहमदाबाद के टाउन हॉल से संबोधित करेंगी। वहीं पीएम मोदी खुद आज और कल रविवार के दौरान द्वारिका, राजकोट, वडनगर और भरुच में जनसभा को संबोधित करेंगे। दरअसल, प्रधानमंत्री के गृह राज्य गुजरात में इस बार भाजपा के पास चेहरा नहीं है।

भाजपा बहुमत से दूर ना हो जाए?
इतना ही नहीं, भाजपा को इस बार 20 साल की एंटी इनकंबेंसी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में भाजपा को यह लग रहा है कि वो कहीं बहुमत से दूर ना हो जाए। ऐसे में भाजपा, गुजरात में अपने सभी दिग्गजों के साथ चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।

पहली बार वडनगर जा रहे हैं पीएम
बता दें कि मोदी, प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने जन्मस्थान वडनगर जा रहे हैं, इसे भी विपक्षी चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। आज और कल रविवार को पीएम मोदी के इस तीसरे दौरे के बाद चौथा दौरान 15 और 16 अक्टूबर का होगा, जिसमें गुजरात गौरव यात्रा का समापन होगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पीएम मोदी, दोनों शामिल रहेंगे। 14 अक्टूबर को सुषमा की सभा होगी। इस सभा में 1 लाख से ज्यादा महिलाएं आएंगी जो उनसे सवाल भी पूछेंगी।












Click it and Unblock the Notifications