मुझे हाफिज सईद, लश्कर पसंद हैं, वह कश्मीर में अच्छा काम कर रहे हैं- परवेज मुशर्रफ
नई दिल्ली। आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान को दोगली नीति धीरे-धीरे दुनियाभर के सामने आ रही है। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने मुंबई हमलों के मुख्य आरोपी हाफिज सईद की तारीफ करते हुए उसे बेहतर इंसान बताया है। परवेज मुशर्रफ ने पाकिस्तान के मीडिया चैनल एआरवाई को दिए अपने साक्षात्कार में कहा कि मैं लश्कर ए तैयबा का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं, मैं जानता हूं कि वह मुझे पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि जमात उत दावा भी मुझे पसंद करता है।

कश्मीर में लश्कर अहम
मुशर्रफ से जब हाफिज सईद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं उसे पसंद करता हूं। मुशर्रफ ने कहा कि मैं हमेशा से ही कश्मीर में संघर्ष का समर्थक रहा हूं, मैंने हमेशा कश्मीर मे भारतीय सेना के दमन का समर्थन किया है और इस मिशन में लश्कर एक बड़ी ताकत है। भारत ने अमेरिका की मदद से लश्कर पर प्रतिबंध लगवा दिया है। मुशर्रफ यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि कश्मीर में लश्कर सक्रिय है।

हाफिज सईद ने उगला था जहर
आपको बता दें कि हाल ही में लश्कर चीफ और मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड हाफिज सईद को कोर्ट ने बरी कर दिया था, कोर्ट से बरी होने के बाद हाफिज सईद ने कहा कि वह कश्मीर की आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाएगा और इसके लिए वह पूरे पाकिस्तान को एकजुट करेगा। हाफिज सईद ने रिहा होने के बाद एक वीडियो मैसेज जारी किया जिसमे उसने कहा कि भारत ने उसके खिलाफ जो भी आरोप लगाए वो झूठे थे। सईद ने कहा कि भारत उसके खिलाफ हमेशा आतंकवाद फैलाने का गलत आरोप लगाता है, लाहौर कोर्ट के फैसले ने इस बात को साबित कर दिया है कि भारत का प्रोपेगेंडा झूठा था।

रिहाई पर बंटी मिठाई, कटा केक
रिहाई के बाद जमात उद दावा के मुखिया हाफिज सईद ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान ने मुझे गिरफ्तार किए जाने का दबाव बनाया था। मुझे अमेरिका के दबाव की वजह से ही पाकिस्तान की सरकार ने गिरफ्तार किया था और अमेरिका ने ऐसा भारत के अनुरोध पर किया था। हाफिज सईद की रिहाई के वक्त बड़ी संख्या में उसके समर्थक लाहौर स्थित उसके घर के बाहर इकट्ठा हुए और उसकी रिहाई का जश्न मनाया गया, मिठाई बांटी गई, केक काटा गया।












Click it and Unblock the Notifications