2000 रुपए का नोट लेने से मना क्यों नहीं कर सकते दुकानदार, RBI गवर्नर ने बताया
2000 रुपए वाले नोट सिर्फ प्रचलन से बाहर हो रहे हैं, यह लीगल टेंडर बना रहेगा। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने साफ कर दिया है कि इसे लेने से इनकार नहीं किया जा सकता है।

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि 2,000 रुपए वाले नोट लीगल टेंडर बने रहेंगे और दुकानदार उन्हें लेने से मना नहीं कर सकते। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने पिछले शुक्रवार को ही 2,000 रुपए के नोट को सर्कुलेशन से धीरे-धीरे वापस लेने का ऐलान किया था।
2,000 रुपए के नोट लेने से कोई मना नहीं कर सकता-आरबीआई गवर्नर
आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने सोमवार को कहा है कि क्योंकि 2,000 रुपए वाले नोट लीगल टेंडर बने हुए हैं, इसलिए कोई भी उसे लेने से मना नहीं कर सकता। दास ने कहा, 'हम 2,000 रुपए के नोट को सर्कुलेशन से वापस ले रहे हैं, लेकिन यह लीगल टेंडर बने रहेंगे।'
लोगों को घबराने की जरूरत नहीं- शक्तिकांत दास
आरबीआई गवर्नर ने लोगों से यह भी कहा है कि उन्हें घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि नोट बदलने और जमा कराने के लिए उनके पास काफी समय है। अपने नोटिफिकेशन में आरबीआई ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे 2,000 रुपए वाले नोट 30 सितंबर, 2023 तक या तो बैंकों में जमा करा दें या उसके बदले दूसरे नोट ले लें।
आरबीआई ने बैंकों को दी है खास सलाह
शक्तिकांत दास ने कहा है कि देश के बैंकों को सलाह दी गई है कि 2,000 रुपए वाले जो नोट सर्कुलेशन से हटाए जाने हैं, उसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम करें। उनका कहना है कि यह प्रक्रिया आसानी से जारी रहे, इसके लिए बैंकों को कदम उठाने होंगे।
'रिजर्व बैंक के करेंसी मैनेजमेंट ऑपरेशन का हिस्सा'
आरबीआई गवर्नर ने कहा, 'हमने सितंबर की एक डेडलाइन दी है, ताकि प्रक्रिया को गंभीरता से लिया जा सके। हम इसे खुला नहीं छोड़ सकते।' दास बोले,'मैं स्पष्ट कर दूं और फिर से बता दूं कि यह रिजर्व बैंक के करेंसी मैनेजमेंट ऑपरेशन का हिस्सा है। लंबे समय से रिजर्व बैंक क्लीन नोट पॉलिसी का पालन कर रहा है।'
लीगल टेंडर बने रहेंगे 2,000 रुपए वाले नोट
शक्तिकांत दास ने कहा है, 'समय-समय पर रिजर्व बैंक खास सीरीज के नोट वापस लेता है और नए नोट जारी करता है।' 'हम 2,000 रुपए के नोट को सर्कुलेशन से वापस ले रहे हैं, लेकिन वह लीगल टेंडर बने रहेंगे।'
Recommended Video
विशेष परिस्थितियों में जारी किए गए थे 2,000 रुपए वाले नोट
रिजर्व बैंक के गवर्नर ने आज खुद भी यह साफ किया कि 2,000 रुपए वाले नोट मुख्य तौर पर इसी वजह से जारी किया गया था, क्योंकि तब 'सिस्टम से निकाले जा रहे पैसे के मूल्य को जल्दी से भरना था..'। क्योंकि, तब सिस्टम से 1,000 रुपए और 500 रुपए वाले करेंसी नोट को तत्काल सर्कुलेश से हटाए जाने थे।
पिछले शुक्रवार को ही रिजर्व बैंक ने 2,000 रुपए वाले करेंसी नोट को प्रचलन से हटाने की घोषणा की थी, लेकिन तभी साफ कर दिया था कि इसकी नोटबंदी नहीं हो रही है और यह लीगल टेंडर बना रहेगा। मंगलवार यानि 23 मई,2023 से 2,000 रुपए के नोट बदले जा सकेंगे या बैंकों में जमा किए जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications