सेना पर सवाल उठाकर कांग्रेस पाक आंतकियों के हौसले बढ़ा रही है: भाजपा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि सेना पर सवाल उठाकर कांग्रेस पाक के आंतकियों को मजबूत कर रही है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि क्या देश की सेना के मनोबल को तोड़ना ही कांग्रेस पार्टी का एकमात्र उद्देश्य बचा है। प्रसाद ने कहा कि जब पूरा देश भारतीय सेना के जवानों और अधिकारीयों के साहस पर गर्व कर रहा था तो राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक को खून की दलाली कहा था। सेना के सर्जिकल स्ट्राइक की वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार के सेना को लेकर सियासत करने की बात कहे जाने के बाद प्रसाद ने जवाब में ये बातें कही हैं।

बुधवार को सेना ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो सामने आने के बाद इसको लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा है कि बीजेपी और पीएम मोदी सेना का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा है कि पीएम मोदी देश के सैनिकों और भारतीय सेना का अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल न करें।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सेना का सम्मान होना चाहिए न कि उनके शौर्य, वीरता और जांबाजी को अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। सुरजेवाला ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि सेना बलिदान दे और पीएम मोदी वाहवाही बटोरें, ये नहीं होगा। सेना के साथ बीजेपी सौतेला व्यवहार न करें और उनको उनका हक दिलाएं।
मोदी सरकार के समय हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर सियासी दल सवाल उठाते रहे हैं। यह हमला भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना के कैंप हुए आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई के तौर पर किया था। पाकिस्तान की ओर से उरी पर 18 सितंबर को हमला किया गया। इस घटना के 11वें दिन बाद सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया गया।
घटनाक्रम के करीब 21 महीने बाद अब सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत के तौर पर वीडियो सामने आया है। इस विडियो में सेना की कार्रवाई में कई लॉन्च पैड्स को तबाह होते देखा जा सकता है। हालांकि अब तक विडियो के संबंध में सेना के तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications