IPS अफसर की सौतेली बेटी एक्ट्रेस Ranya Rao गिरफ्तार, दुबई से यूं छिपाकर बेंगलुरु लाईं ₹12 करोड़ का सोना
Ranya Rao Arrested: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रान्या राव को 14.8 किलो सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह सोना ₹12 करोड़ से ज्यादा का बताया जा रहा है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने उन्हें 3 मार्च रात एमिरेट्स की फ्लाइट से उतरते ही हिरासत में ले लिया।
DRI को पहले से जानकारी थी कि रान्या दुबई से सोने की तस्करी में शामिल हो सकती हैं। पिछले 15 दिनों में उन्होंने चार बार दुबई की यात्रा की थी, जिससे अधिकारियों को उन पर शक हुआ। सोमवार रात जब वह दुबई से लौटीं, तो एयरपोर्ट पर पहले से तैनात अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया। जांच में पता चला कि उन्होंने सोने को अपने कपड़ों में छिपाकर लाने की कोशिश की थी।

कस्टम जांच से बचने की कोशिश
गिरफ्तारी के बाद रान्या ने दावा किया कि वह कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (DGP) के. रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं और पुलिस से अपनी पहचान का फायदा उठाकर कस्टम जांच से बचने की कोशिश की। उन्होंने कथित रूप से पुलिस अधिकारियों से घर पहुंचाने की भी मांग की, लेकिन जांच के दौरान उनकी बातें गलत साबित हुईं।
क्या रान्या अकेली थीं या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा?
अधिकारियों को शक है कि रान्या किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं। इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने पहले भी इसी तरह सोना लाने की कोशिश की थी।
18 मार्च तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद उन्हें आर्थिक अपराध अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 18 मार्च तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब DRI और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन शामिल हैं।
Who is Ranya Rao: रान्या राव कौन हैं?
रान्या राव एक कन्नड़ फिल्म एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने 2014 में आई फिल्म 'माणिक्य' में किच्चा सुदीप के साथ काम किया था। इसके अलावा, वह कुछ अन्य तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications