कांग्रेस ने BRS को बताया बेरोजगार रुलाओ समिति
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रदेश की बीआरएस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बीआरएस का मतलब बेरोजगार रुलाओ समिति है।
तेलंगाना में बीआरएस और भाजपा के गठजोड़ की वजह से 65 लाख नौकरियों का नुकसान हुआ है। प्रदेश में 20 हजार शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। तेलंगाना लोकसेवा आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है, यहां 15 पेपर लीक हुए हैं, कई बार परीक्षा की तारीखों को बदला गया है, उसे टाला गया। केसीआर ने सबसे प्रगतिशील प्रदेश को युवाओं की सुसाइड कैपिटल बना दिया है।

सुरजेवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना राज्य के आंदोलन के दौरान हर परिवार को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने प्रदेश के युवाओं से झूठ बोला था। बीआरएस ने 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने इसे लागू नहीं किया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बीआरएस के शासन में पिछले 10 साल में तेलंगाना के युवाओं के सपने को छीन लिया गया। प्रदेश की सरकार ने युवाओं की आकांक्षाओं को कुचलकर रख दिया। जब सोनिया गांधी और कांग्रेस ने तेलंगाना राज्य का गठन किया था तो यह सुनिश्चित किया था कि प्रदेश विकास, रोजगार और समावेशी और सामूहिक प्रगति को आगे लेकर चलेगा। लेकिन बीआरएस की सरकार में टूटे हए सपने और आत्महत्याएं सामने आई।
बता दें कि तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव है। यहां पर मतों की गणना 3 दिसंबर को होगी। प्रदेश में 119 विधानसभा सीटें हैं, इन सभी सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होगा। बहुमत के लिए 60 सीटों की जरूरत होती है। प्रदेश में बीआरएस सरकार है।












Click it and Unblock the Notifications