'महामंत्री सुमंत' के निधन से रामायण के 'राम' दुखी, कहा- आपकी बहुत याद आएगी
नई दिल्ली, 16 जून: बॉलीवुड से बुधवार को एक बुरी खबर सामने आई, जहां दिग्गज एक्टर चंद्रशेखर वैद्य का निधन हो गया। उन्होंने रामानंद सागर के फेमस टीवी शो 'रामायण' में आर्य सुमंत का किरदार निभाया था। उनके निधन के बाद बॉलीवुड के साथ टीवी इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। वहीं उनके को-एक्टर और रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल ने भी दुख व्यक्त किया। साथ ही उनकी कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं।

गोविल ने ट्विटर पर दो तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें एक रामायण की है, जबकि दूसरी उनके घर की। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि रामायण में महामंत्री सुमंत का चरित्र निभाने वाले चंद्रशेखर जी का आज देहांत हो गया है। उन्हें शांति और सद्गति मिले, राम जी से यही प्रार्थना है। सर, आपकी बहुत याद आएगी। वहीं दूसरी कोरोना महामारी की वजह से मुंबई में पाबंदियां लागू हैं, जिस वजह से उनके अंतिम संस्कार में ज्यादा लोग नहीं जा सकते। ऐसे में सभी सोशल मीडिया के जरिए ही दुख व्यक्त कर रहे हैं।
सोते-सोते छोड़ दी दुनिया
चंद्रशेखर के बेटे अशोक ने बताया कि उनके पिता पिछले हफ्ते गुरुवार को एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। उसके बाद उनको घर लाया गया, जहां पर उनकी हालत एकदम ठीक थी। 15 जून को खाना खाकर वो सोए, उस वक्त उनको स्वास्थ्य संबंधित कोई दिक्कत नहीं थी। इसके बाद 16 जून सुबह 7 बजे उनका निधन हो गया। अशोक के मुताबिक उनके पिता नींद में ही इस दुनिया से चल बसे। बुधवार शाम को विले पार्ले के पवन हंस में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दोबारा छाया 'रामायण'
आपको बता दें कि पिछले साल जब मोदी सरकार ने लॉकडाउन का ऐलान किया तो दूरदर्शन पर रामायण का प्रसारण शुरू हुआ। इसके बाद इस सीरियल ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। साथ ही उसके किरदारों को भी जनता ने बहुत प्यार दिया। ऐसे में अब चंद्रशेखर वैद्य के निधन से दर्शक भी काफी दुखी हैं।












Click it and Unblock the Notifications