छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को मंगलवार रात खराब स्वास्थ के चलते गुरुग्राम के अस्पताल मेदांता में भर्ती कराया गया है। दरअसल रमन सिंह को बीती रात 11 बजे सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उन्हें आनन फानन में मेदांता ले जाया गया। गेस्ट्रोएनटेरोलॉजी स्पेशलिस्ट राजेश पुरी सिंह का इलाज कर रहे हैं। बता दें कि रमन सिंह बीते दो दिनों से दिल्ली में थे। 22 जुलाई को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
रमन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही प्रदेश पार्टी अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने फोन करके उनका हालचाल जाना। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी फोन पर बात कर उनसे सेहत की जानकारी ली। डॉक्टर्स ने उन्हें देखरेख के लिए अलग कमरे में रखा है और अभी कुछ जानकारी देने से इंकार किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि डॉक्टर्स दोपहर बाद सिंह की सेहत को लेकर अप्डेट दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह समेत 20 के खिलाफ फर्जीवाड़े का मामला दर्ज