जानिए कितनी संपत्ति के मालिक थे केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान?
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान का गुरुवार देर शाम निधन हो गया। वो लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे, चार दिन पहले ही दिल्ली के एक अस्पताल में उनके दिल की सर्जरी हुई थी। उनके निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। एक दलित परिवार में जन्मे पासवान 6 बार कैबिनेट मंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने बिहार से लेकर केंद्र सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। आइए जानते हैं कितनी संपत्ति के मालिक थे राम विलास पासवान।

शेयर बाजार में नहीं किया निवेश
राम विलास पासवान मौजूदा वक्त में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री थे। इसके अलावा वो संसद के उच्च सदन राज्यसभा के सदस्य थे। राज्यसभा चुनाव में नामांकन के वक्त उन्होंने अपनी संपत्ति को लेकर हलफनामा दायर किया था। जिसके मुताबिक उनकी कुल संपत्ति तब 1.42 करोड़ रुपये थी। जिसमें से 1.06 करोड़ रुपये की संपत्ति चल है, जबकि 21.30 लाख रुपये के आभूषण हैं। इसके अलावा करीब 82 लाख रुपये उनके नाम से बैंक में जमा हैं। हलफनामे के मुताबिक पासवान के पास 22 लाख रुपये की कृषि भूमि थी, जबकि जो गैर कृषि भूमि उनके नाम है उसकी कीमत 13 लाख के आसपास है। राज्यसभा चुनाव तक उन्होंने शेयर बाजार, एलआईसी आदि में कोई निवेश नहीं किया था।

चिराग के पास कितनी संपत्ति?
वैसे देखा जाए तो पिता से ज्यादा संपत्ति चिराग पासवान के पास है। 2019 में जब उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ा था, तो नामांकन के वक्त संपत्ति से जुड़ा हलफनामा दिया था। जिसके मुताबिक उनके पास 1.85 करोड़ की संपत्ति है। इसके अलावा 35 लाख के करीब शेयर कई कंपनियों में हैं। चिराग के पास 90 लाख का अपना एक घर भी है। वहीं दो गाड़ियां हैं, जिसमें एक जिप्सी और टोयोटा फॉर्च्यूनर शामिल है। जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये है। इसके अलावा 23.40 लाख रुपये उनके खाते में जमा हैं।

गरीब दलित परिवार में हुआ था जन्म
राम विलास पासवान का जन्म बिहार के खगड़िया जिले के शहरबन्नी गांव में रहने वाले एक दलित परिवार में हुआ था। पासवान ने कोसी कॉलेज, पिल्खी और पटना विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक और मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की। जिसके बाद उनकी शादी राजकुमारी देवी से हुई। 2014 में उन्होंने खुलासा किया कि उनके 1981 में लोकसभा के नामांकन पत्र को चुनौती दिए जाने के बाद उन्होंने राजकुमारी देवी को तलाक दे दिया था। उनकी पहली पत्नी से दो बेटियां, उषा और आशा हैं, जबकि दूसरी पत्नी के बेटे चिराग पासवान हैं। पासवान के राजनीतिक कद का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि वो 6 बार कैबिनेट मंत्री रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications