राम माधव बोले- पीडीपी-NC को J&K में सरकार बनाने के शायद सीमा पार से मिले हों निर्देश
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा भंग किए जाने के बाद चल रही बहस के बीच पीडीपी और नैशनल कॉन्फ्रेंस पर हमला बोला है। राम माधव ने कहा कि पीडीपी और एनसी ने पिछले महीने स्थानीय निकाय चुनाव का बहिष्कार किया क्योंकि उनको सीमा पार से ऐसे निर्देश मिले थे। शायद उनको सीमा पार से फिर निर्देश मिला हो कि दोनों मिलकर राज्य में सरकार बनाएं।

राम माधव ने बोला पीडीपी और एनसी पर हमला
राजभवन की फैक्स मशीन के काम न करने पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब केवल राज्यपाल दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि महबूबा मुफ्ती केवल बहाने कर रही हैं। उन्होंने कभी भी सरकार बनाने का दावा नहीं किया था। उन्होंने कहा था कि वे आएंगी, देखेंगी और फिर दावा पेश करेंगी। ये सब महज ड्रामा था।

'राज्यपाल बता सकते हैं फैक्स मशीन क्यों नहीं काम कर रही'
इन सबके बीच गुरुवार को बीजेपी की तरफ से राज्य में सभी विधायकों की एक अहम मीटिंग बुलाई गई। जम्मू कश्मीर बीजेपी के अध्यक्ष रविंद्र रैना की ओर से इस बात की जानकारी दी गई। रैना ने कहा कि पार्टी चाहती है कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों को अगले वर्ष होने वाले संसदीय चुनावों के साथ ही करा लिया जाएं।

राज्यपाल ने विधानसभा कर दी थी भंग
बुधवार को जब पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया तो राज्यपाल ने उसी पल विधानसभा को भंग कर दिया। पीडीपी से अलग दो विधायकों वाली पीपुल्स कांफ्रेंस के मुखिया सज्जाद लोन ने भी राज्यपाल के सामने बीजेपी और दो और विधायकों के समर्थन का दावा किया।












Click it and Unblock the Notifications