उन्नाव रेप: रामगोपाल बोले- यूपी के हालात खराब, राष्ट्रपति शासन लगाया जाए
नई दिल्ली। उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद देशभर में गुस्से का माहौल है। उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर हो गया है। दहला देने वाली इस घटना पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड चुकी है। यहां राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए।
फिरोजाबाद में शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में आए सपा नेता रामगोपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, धारा 356 इसी लिए बनाई गई है कि यदि संविधान के अनुसार कोई राज सरकार नहीं चलती है तो उसको बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए। यूपी के हालात काफी खराब हैं। यहां संविधान के हिसाब से शासन नहीं चल रहा है।
उन्होंने कहा कि, उन्नाव की घटना पर पहले कोई कार्रवाई नहीं हुई। मैंने सदन में भी इस विषय पर कहा था कि दुष्कर्म पीड़िता 90 प्रतिशत जल चुकी है, उसका जिंदा रहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता है। उत्तर प्रदेश की व्यवस्था बिल्कुल लचर है। उन्नाव घटना के जो आरोपी हैं उन पर भी वैसी कार्रवाई नहीं हो सकती है जो हैदराबाद में हुई है।
कर्नाटक: बीजेपी मंत्री का आपत्तिजनक बयान, डिप्टी सीएम पद की तुलना ऐश्वर्या राय से की