राज्य सभा सांसद मदन लाल सैनी को नियुक्त किया गया राजस्थान का बीजेपी चीफ
जयपुर। मदनलाल सैनी राजस्थान राजस्थान भाजपा के नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पिछले ढाई महीने से खाली पड़े बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष पद पर आखिर शुक्रवार को नियुक्ति कर दी गई। मदनलाल सैनी राज्यसभा में बीजेपी के सांसद हैं। मदनलाल सैनी को दो महीने पहले ही राज्यसभा चुनाव में खड़ा किया था और संख्याबल के आधार पर उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया था।
गत 18 अप्रैल को अशोक परनामी ने भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर कई नामों की चर्चा हो रही थी। इनमें गजेंद्र सिंह शेखावत, सुरेंद्र सिंह पारीक, श्रीचंद्र कृपलानी और अर्जुन राम मेघवाल के नाम सामने आए थे। लेकिन किसी भी नाम पर सहमति नहीं बन पाई। आखिरकार मदन लाल सैनी के नाम पर मुहर लगी।
सैनी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से सीकर की राजनीतिक पकड़ मजबूत होगी। इसके साथ ही पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को तवज्जो मिलेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि सैनी का कार्यकर्ताओं से जुड़ाव बना हुआ है।
मदनलाल सैनी झुंझुनूं के गुढ़ा (उदयपुरवाटी) विधानसभा से विधायक रहे हैं। इसके बाद इन्होंने झुंझुनूं लोकसभा सीट से सांसद का चुनाव लड़ा, लेकिन बहुत कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा। सैनी जनसंघ के समय से राजनीति में सक्रिय है। पूर्व में भारतीय मजदूर संघ से जुड़कर काम किया।