राज्यसभा चुनाव: JDS का आरोप- कांग्रेस उनके विधायकों पर बना रही दबाव, एक ने की क्रॉस वोटिंग
नई दिल्ली, 10 जून: कर्नाटक में राज्यसभा की एक सीट पर कड़ा मुकाबला हो रहा है। वहां पर बीजेपी और कांग्रेस ने अपनी सीट पक्की करने के बाद एक अतिरिक्त उम्मीदवार उतार दिया। जिससे पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा की पार्टी जेडीएस की मुश्किलें बढ़ गईं। जेडीएस ने अपने विधायकों को क्रॉस वोटिंग से बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन अब खबर आ रही कि एक विधायक ने कांग्रेस के कहने पर वोट दे दिया। जिसके बाद से जेडीएस नेता कुमारस्वामी कांग्रेस पर भड़के हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जेडीएस नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं और वो उन पर जेडीएस उम्मीदवार को वोट ना देने का दबाव बना रही है।
Recommended Video

कुमारस्वामी ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे एक विधायक श्रीनिवास गौड़ा ने कांग्रेस को वोट दिया है। ये कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और रमेश कुमार की वजह से हुआ। सिद्धारमैया ने उनके विधायक को पत्र लिखा था, लेकिन अब वो स्थानीय मीडिया के सामने उससे इनकार कर रहे हैं। उन्होंने उस पत्र की कॉपी सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की थी। ये उनके दोहरे चरित्र को दर्शाता है। कुमारस्वामी ने कहा कि उनको विश्वास है कि उनके पास 30-31 वोट हैं, जबकि श्रीनिवास ने कहा है कि वो कांग्रेस को वोट देंगे। देखते हैं आगे क्या होगा?
क्या था सिद्धारमैया के पत्र में?
सिद्धारमैया ने अपने पत्र में लिखा था कि जेडीएस विधायक मंसूर अली खान के समर्थन में वोट करें। खान की जीत धर्मनिरपेक्ष विचारधारा की जीत होगी, जिसका दोनों दल अनुसरण करते हैं। इस पर पलटवार करते हुए कुमारस्वामी ने कहा था कि अगर कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करने से पहले चर्चा करती तो वो इस पर विचार करते, लेकिन अब वोटिंग के वक्त उनके विधायकों को पत्र लिखना सही नहीं है। फिलहाल अब क्रॉस वोटिंग की वजह से जेडीएस के सामने बड़ी समस्या खड़ी होती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications