अनपढ़ हैं रजनीकांत, वे क्या राजनीति करेंगे: सुब्रमण्यम स्वामी
नई दिल्ली। सुपरस्टार रजनीकांत ने आज राजनीति में आने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही तमिलनाडु से दिल्ली के सियासी गलियारों तक उनकी ही चर्चा शुरू हो गई है। इस बीच राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने एक ऐसा बयान दिया है जो रजनीकांत के प्रशंसकों को नागवार गुजर सकता है।

'अनपढ़ हैं रजनीकांत'
समाचार एजेंसी एनआई से बात करते हुए सुब्रमण्यम स्वामी ने रजनीकांत को अनपढ़ बताते हुए कहा कि राजनीति में उनके आने का कोई असर नहीं होगा। स्वामी ने कहा, 'उन्होंने (रजनीकांत) सिर्फ राजनीति में आने का ऐलान किया है। उनके पास इसकी कोई योजना या प्लान नहीं हैं। वह अनपढ़ हैं। यह सिर्फ मीडिया का खड़ा किया हौवा है। तमिलनाडु की जनता काफी समझदार है।'

बनाएंगे खुद की पार्टी
बता दें कि इससे पहले सुपरस्टार रजनीकांत ने आज साल के आखिरी दिन अपने प्रशंसकों के बीच राजनीति में आने का ऐलान किया। रजनीकांत ने कहा कि यही वक्त ही जरूरत है। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बनाएंगे और 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरी तैयारी के उतरेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

'हमारा ही पैसा लूट रहे हैं नेता'
रजनीकांत ने राजनीति में आने की घोषणा करते हुए कहा कि इस समय राज्य की हालत बहुत ज्यादा खराब है, नेता हमारा ही पैसा लूट रहे हैं, ऐसे में मेरा राजनीति में आना काफी जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि जहां भी सत्ता का दुरुपोयग होगा, मैं उसके खिलाफ खड़ा रहूंगा, उन्होंने कहा कि आज चारों ओर भ्रष्टाचार है और राजनीति का सिर्फ नाटक हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications