‘Operation Sindoor सिर्फ ट्रेलर, पूरा पाकिस्तान ब्रह्मोस की रेंज में’, राजनाथ सिंह ने पाक को दे दी चेतावनी
Rajnath Singh Warns Pakistan: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार, 18 अक्तूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि भारत की सैन्य ताकत अब उस स्तर पर पहुँच चुकी है, जहाँ "विजय हमारी आदत बन गई है"। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अब देश के विरोधी ब्रह्मोस मिसाइल की पहुंच से नहीं बच सकते।
इस मौके पर उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस की नई इंटीग्रेशन और टेस्टिंग यूनिट से ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच का फ्लैग ऑफ किया। यह कदम भारत की रक्षा क्षमताओं और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ ट्रेलर
राजनाथ सिंह ने पाक को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि,ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया कि अब हमारे लिए जीत कोई मामूली घटना नहीं रही। विजय हमारी आदत बन चुकी है। उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों की तत्परता और सटीकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब देश के विरोधी भारत की अत्याधुनिक मिसाइल क्षमताओं से बच नहीं सकते।
रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के लिए स्पष्ट चेतावनी दी और कहा,हमारा देश अब पूरी तरह आश्वस्त है कि हमारे विरोधी ब्रह्मोस मिसाइल की पहुंच से नहीं बच पाएंगे। पाकिस्तान के हर इंच इलाके पर अब हमारे ब्रह्मोस की पहुंच है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो घटनाएँ हुईं, वे सिर्फ भारत की क्षमताओं का 'ट्रेलर' थीं। वह ट्रेलर ही पाकिस्तान को यह एहसास करा दिया कि अगर भारत पाकिस्तान को जन्म दे सकता है, तो बाकी क्या किया जा सकता है, इसके बारे में मुझे और कुछ कहने की जरूरत नहीं है।
लखनऊ यूनिट में तैयार हुआ मिसाइलों का पहला बैच
ब्राह्मोस एयरोस्पेस की लखनऊ यूनिट ने अपनी नई इंटीग्रेशन और टेस्टिंग सुविधा से ब्रह्मोस मिसाइलों का पहला बैच सफलतापूर्वक तैयार किया है। इस अत्याधुनिक यूनिट में मिसाइलों के इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और फाइनल क्वालिटी चेक की सभी आधुनिक सुविधाएँ मौजूद हैं। परीक्षण सफल होने के बाद मिसाइलों को भारतीय सशस्त्र बलों को तैनाती के लिए तैयार किया जाता है।
रक्षा मंत्री ने बताया कि ब्रह्मोस टीम ने मात्र एक महीने में दो देशों के साथ लगभग ₹4,000 करोड़ के कॉन्ट्रैक्ट साइन किए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में अन्य देशों के विशेषज्ञ लखनऊ आएंगे, जिससे यह शहर रक्षा तकनीक में ज्ञान का केंद्र बनेगा।
ब्राह्मोस मिसाइलों के उत्पादन और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने न केवल भारत की रक्षा क्षमताओं को प्रदर्शित किया है, बल्कि राज्य में रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी खोले हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को चेतावनी भरा संदेश इस बात का संकेत है कि भारत अब अपनी सैन्य ताकत में और अधिक सक्षम हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications