राजनाथ सिंह के विधायक बेटे पंकज सिंह कोरोना पॉजिटिव, खुद ट्वीट कर दी जानकारी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी की चपेट में अब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा से विधायक पंकज सिंह भी आ गए हैं। मंगलवार देर रात उन्होंने ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, 'कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हुआ हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।'

गौरतलब है के देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है, इस जानलेवा महामारी ने देश के कई दिग्गज नेताओं को अपनी चपेट में लिया है। हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेता कोरोना को मात देकर स्वस्थ्य घर लौटे हैं। बीजेपी विधायक पंकज सिंह के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग उनके जल्द स्वस्थ्य होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 69,921 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 819 मरीजों की मौत हुई है, जिसके बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 37 लाख के करीब हो गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कहना है कि देश में 7,85,996 सक्रिय मामले, 28,39,883 ठीक मामले और 65,288 मौतें शामिल हैं।
एक ही परिवार के 32 सदस्य कोरोना पॉजिटिव
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 55 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले सामने आ चुके हैं। संक्रमण से रोज होने वाली मौतें भी दर्जनों का आंकड़ा पार कर रही हैं। पिछले 24 घंटों की बात करें तो 5 हजार 571 नए केस सामने आए, जबकि 57 लोगों की मौत हो गई। उधर, बांदा जिले में एक ही परिवार के 32 सदस्य कोरोना की चपेट में आ गए। बांदा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि सोमवार को जिले में कोविड-19 के 44 नए मामले सामने आए, जिनमें बांदा शहर के फूटाकुआं मोहल्ले में एक ही परिवार के 32 सदस्य शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: UP: बांदा में एक ही परिवार के 32 सदस्य कोरोना पॉजिटिव, पिछले 24 घंटे में 57 संक्रमितों की मौत












Click it and Unblock the Notifications