राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह का सियासी बयान, बढ़ सकता है विवाद
नई दिल्ली। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने नरेंद्र मोदी के पीएम बनने को लेकर बयान दिया है। अलीगढ़ में उन्होंने कहा, 'हम सभी भाजपा कार्यकर्ता हैं और हम चाहते हैं कि बीजेपी ही चुनाव जीते। हम चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनें ये देश के लिए बहुत जरूरी है।' बता दें कि कल्याण सिंह इस वक्त राजस्थान के राज्यपाल हैं। ऐसे में संवैधानिक पद पर रहते हुए उनका इस तरह बयान देना नए विवाद को जन्म दे सकता है।
राज्यपाल कल्याण सिंह ने ये बयान उस वक्त दिया जब अलीगढ़ में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके सामने प्रत्याशी सांसद सतीश गौतम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। लोकसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत आजमा रहे हैं। बात करें उत्तर प्रदेश की तो यहां भी चुनावी जंग रोचक है। सपा-बसपा-रालोद का गठबंधन बीजेपी को चुनौती दे रहा है। भाजपा ने पहले चरण के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी कर दिया है। पिछले लोकसभा चुनाव में एनडीए ने यूपी की 80 में से 73 सीटों पर कब्जा जमाया था।
हालांकि इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और बसपा के साथ-साथ रालोद का महागठबंधन बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बनता दिखाई दे रहा है। वहीं, कांग्रेस को इस गठबंधन में जगह नहीं मिली है जिसके बाद पार्टी अकेले ही चुनाव मैदान में उतरी है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में चुनावी जंग खासा रोचक होती दिखाई दे रही है।
पहले चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव 2019 के लिए आज (सोमवार) नामांकन का आखिरी दिन है। लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के लिए 11 अप्रैल को मतदान होने हैं। पहले चरण में देश के 20 राज्यों की कुल 91 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके तहत उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होंगे।